उत्तराखंड के चमोली जिले में अलकनंदा नदी पर टिहरी हाइड्रो डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (टीएचडीसी) की निर्माणाधीन विष्णुगाड़-पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना के साइट पर मंगलवार रात बड़ा हादसा हो गया। निर्माणाधीन सुरंग के भीतर कर्मचारियों और श्रमिकों के आवागमन में इस्तेमाल होने वाली दो ट्रालियां आपस में टकराकर पलट गईं।
हादसे के समय ट्रालियों में कुल 110 इंजीनियर, कर्मचारी और श्रमिक सवार थे, जो काम खत्म कर लौट रहे थे। दुर्घटना में 100 लोग घायल हो गए। घायलों में से 42 को जिला अस्पताल गोपेश्वर और 17 को विवेकानंद अस्पताल पीपलकोटी में भर्ती कराया गया है, जबकि अन्य को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। दो घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
बताया गया कि सुरंग के भीतर ये ट्रालियां लोहे की पटरियों पर संचालित होती हैं। हादसे का प्रारंभिक कारण सामान ला रही ट्राली के ब्रेक फेल होना माना जा रहा है, जिससे सामने से आ रही ट्राली से टक्कर हो गई।
घायलों में अधिकतर बिहार, ओडिशा और झारखंड के रहने वाले हैं। घटना की सूचना मिलते ही परियोजना प्रबंधन और प्रशासन मौके पर पहुंचा और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। प्रशासन ने हादसे की जांच के आदेश दे दिए हैं और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जा रही है।
