मशहूर टीवी क्विज शो कौन बनेगा करोड़पति के 17वें सीजन में इतिहास रचते हुए बीजापुर जिले में तैनात सीआरपीएफ निरीक्षक विप्लव विश्वास शो के दूसरे करोड़पति बन गए हैं। विप्लव ने 1 करोड़ रुपए के सवाल का जवाब महज कुछ सेकेंड में देकर न सिर्फ जीत दर्ज की, बल्कि अपनी तेज समझ और आत्मविश्वास से सभी को चौंका दिया।
अमिताभ बच्चन भी रह गए दंग
विप्लव के आत्मविश्वास और ज्ञान को देखकर शो के होस्ट अमिताभ बच्चन और स्टूडियो में मौजूद दर्शक हैरान रह गए। फास्टेस्ट फिंगर फर्स्ट जीतकर हॉटसीट तक पहुंचे विप्लव मूल रूप से रांची (झारखंड) के रहने वाले हैं।
शो की शुरुआत में ही विप्लव ने अमिताभ बच्चन से गले मिलने की इच्छा जताई, जिसे बिग बी ने खुशी-खुशी स्वीकार किया। बातचीत के दौरान विप्लव ने जंगलों में तैनाती, कठिन हालात और अपने साथी जवानों के बलिदान का जिक्र किया। यह बताते हुए वे भावुक भी हो गए।
बिना लाइफलाइन पार किए शुरुआती सवाल
विप्लव ने 5 लाख रुपए तक के सभी सवाल बिना किसी लाइफलाइन के पार कर लिए।
-
12.50 लाख के सवाल पर उन्होंने ऑडियंस पोल का इस्तेमाल किया।
-
25 लाख के सवाल पर संकेत-सूचक (हिंट) लाइफलाइन ली।
-
50 लाख के सवाल पर 50-50 लाइफलाइन का उपयोग किया।
1 करोड़ के सवाल पर तत्काल फैसला
1 करोड़ रुपए का सवाल सुनते ही विप्लव ने पूरे आत्मविश्वास के साथ कहा कि वे किसी का समय बर्बाद नहीं करेंगे और बिना किसी हिचक के सही विकल्प चुन लिया। देखते ही देखते उन्होंने 1 करोड़ रुपए जीत लिए। यह पल इतना अप्रत्याशित था कि अमिताभ बच्चन भी अपनी हैरानी छिपा नहीं सके।
1 करोड़ का सवाल था:
स्टैच्यू ऑफ लिबर्टी को फ्रांस से अमेरिका ले जाने वाले जहाज का नाम क्या था?
विप्लव ने सही जवाब दिया — “इसेयर”। उन्होंने यह भी बताया कि उन्हें जहाज के स्टीयरमैन का नाम तक याद है, जिसने उनकी असाधारण जानकारी को और भी खास बना दिया।
बिग बी का खास न्योता, कार भी मिली
विप्लव की शानदार जीत और ज्ञान से प्रभावित होकर अमिताभ बच्चन ने उन्हें पूरे परिवार के साथ अपने घर डिनर पर आमंत्रित किया। शो में जीत के साथ विप्लव को 1 करोड़ रुपए की राशि के अलावा एक कार भी मिली है।
जिले और बल के लिए गर्व का पल
बीजापुर जिले में तैनात सीआरपीएफ इंस्पेक्टर विप्लव विश्वास की इस ऐतिहासिक जीत से न सिर्फ उनका परिवार, बल्कि पूरा जिला और सुरक्षाबल गौरवान्वित महसूस कर रहा है। उनकी यह सफलता युवाओं के लिए प्रेरणा बन गई है।
