अमेरिकी सैन्य अभियान में वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो गिरफ्तार, न्यूयॉर्क लाए गए

अमेरिका और वेनेजुएला के बीच तनाव चरम पर पहुंच गया है। अमेरिकी सैन्य अभियान के बाद वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी सिलिया फ्लोरेस को गिरफ्तार कर न्यूयॉर्क लाया गया है। मादुरो को ग्रे ट्रैकसूट में, हाथों में हथकड़ी और आंखों पर ब्लैकआउट गॉगल्स (पट्टी) लगाए देखा गया।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने खुद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर मादुरो की पहली तस्वीर साझा की। तस्वीर में मादुरो अमेरिकी युद्धपोत यूएसएस इवो जिमा पर नजर आ रहे हैं। ट्रंप ने कैप्शन में लिखा—
निकोलस मादुरो ऑन बोर्ड द यूएसएस इवो जिमा।”

तड़के शुरू हुआ अमेरिकी हमला

जानकारी के मुताबिक यह सैन्य अभियान शनिवार तड़के शुरू हुआ। अमेरिकी सेना ने वेनेजुएला की राजधानी काराकस में बड़े पैमाने पर हमले किए। इसी दौरान मादुरो दंपति को उनके बेडरूम से बाहर निकाला गया और सीधे अमेरिकी वारशिप पर ले जाया गया।

न्यूयॉर्क में कोर्ट में पेशी

इसके बाद मादुरो और उनकी पत्नी को न्यूयॉर्क के स्टीवर्ट एयर नेशनल गार्ड बेस पर उतारा गया। यहां से उन्हें हेलिकॉप्टर के जरिए मैनहट्टन ले जाने की तैयारी है। मादुरो को मेट्रोपॉलिटन डिटेंशन सेंटर में रखा जाएगा, जहां सोमवार को उनकी कोर्ट में पेशी होगी।

गंभीर आरोप, नया अभियोग दाखिल

अमेरिकी अटॉर्नी जनरल पैम बॉन्डी ने बताया कि मादुरो और सिलिया फ्लोरेस पर नारको-टेररिज्म, कोकेन आयात की साजिश और हथियारों से जुड़े गंभीर आरोप हैं। उन्होंने कहा कि 2020 से चले आ रहे पुराने इंडिक्टमेंट को अपडेट कर नया अभियोग दायर किया गया है।

ट्रंप का बड़ा बयान

राष्ट्रपति ट्रंप ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा,
अमेरिका वेनेजुएला को तब तक चलाएगा, जब तक वहां सुरक्षित ट्रांजिशन नहीं हो जाता।
उन्होंने वेनेजुएला के विशाल तेल भंडारों का जिक्र करते हुए वहां अमेरिकी कंपनियों की भूमिका की भी बात कही।

इस घटनाक्रम के बाद अंतरराष्ट्रीय राजनीति में हलचल तेज हो गई है और आने वाले दिनों में अमेरिका–वेनेजुएला संबंधों को लेकर बड़े फैसलों की संभावना जताई जा रही है।