पड़ोसी देश बांग्लादेश में हिंदुओं पर लगातार हो रहे अत्याचार के बीच आईपीएल को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। कोलकाता नाइटराइडर्स (केकेआर) द्वारा आईपीएल नीलामी में बांग्लादेशी क्रिकेटर मुस्तफिजुर रहमान को 9.20 करोड़ रुपये में खरीदे जाने के बाद भारत में इसका जोरदार विरोध हुआ। देशभर में उठी नाराजगी के बाद भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने सख्त रुख अपनाते हुए केकेआर फ्रेंचाइजी को बांग्लादेशी खिलाड़ी को टीम से बाहर करने का निर्देश दिया।
बीसीसीआई के निर्देश के कुछ ही मिनटों बाद मुस्तफिजुर रहमान दुनिया की सबसे बड़ी क्रिकेट लीग आईपीएल से बाहर हो गए। इस फैसले के बाद भारत और बांग्लादेश के क्रिकेट संबंधों में तनाव और गहरा गया है।
टी-20 विश्व कप पर भी मंडराया विवाद
इस घटनाक्रम के बाद अब बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) इस साल भारत और श्रीलंका में होने वाले टी-20 विश्व कप के अपने मैच भारत से बाहर कराने की मांग कर सकता है। माना जा रहा है कि बीसीबी आईसीसी से अनुरोध कर अपने मैचों को श्रीलंका स्थानांतरित करने की तैयारी में है।
भारत दौरे पर भी संशय
गौरतलब है कि पिछले साल बीसीसीआई ने व्यस्त अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम का हवाला देते हुए भारत का बांग्लादेश दौरा स्थगित कर दिया था। हाल ही में बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने घोषणा की थी कि भारतीय टीम सितंबर में बांग्लादेश का दौरा करेगी, जहां तीन वनडे और तीन टी-20 मैचों की सीरीज खेली जानी है। हालांकि बीसीसीआई सूत्रों का कहना है कि अगर दोनों देशों के संबंधों में सुधार नहीं होता, तो यह दौरा भी मुश्किल में पड़ सकता है।
बीसीबी की आपात बैठक, कोई आधिकारिक बयान नहीं
इधर, मुस्तफिजुर रहमान को आईपीएल से बाहर किए जाने के बाद बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने देर रात आनन-फानन में एक ऑनलाइन बैठक बुलाई। हालांकि बैठक के बाद कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया।
वहीं बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के खेल मंत्रालय के सलाहकार डॉ. आसिफ नजरूल ने बीसीबी को निर्देश दिया है कि वह आईसीसी को पत्र लिखकर अपने विश्व कप मैचों को भारत से श्रीलंका स्थानांतरित करने की मांग करे।
इस पूरे घटनाक्रम ने न सिर्फ आईपीएल बल्कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भी भारत-बांग्लादेश संबंधों को एक बार फिर सुर्खियों में ला दिया है।
