सर्दियों में क्यों बढ़ जाते हैं ब्लैकहेड्स? घरेलू नुस्खों से पाएं साफ और ग्लोइंग स्किन

सर्दियों का मौसम त्वचा के लिए कई तरह की चुनौतियाँ लेकर आता है। ठंडी हवा, कम नमी और तापमान में उतार-चढ़ाव के कारण स्किन रूखी और नमीहीन हो जाती है। इस दौरान त्वचा का नेचुरल ऑयल बैलेंस बिगड़ने लगता है, जिससे पोर्स में गंदगी, धूल और डेड स्किन जमा हो जाती है। यही वजह है कि सर्दियों में ब्लैकहेड्स की समस्या सबसे ज्यादा देखने को मिलती है।

अक्सर लोग यह मान लेते हैं कि ठंड के मौसम में पसीना कम निकलता है, इसलिए स्किन साफ रहती है, लेकिन सच्चाई इसके ठीक उलट होती है। पसीना कम निकलने से पोर्स साफ नहीं हो पाते और नाक, माथे व गालों पर छोटे-छोटे काले दाने उभरने लगते हैं, जो स्किन की खूबसूरती और मेकअप दोनों को प्रभावित करते हैं।

ऑयली ही नहीं, ड्राई स्किन भी होती है प्रभावित

ब्लैकहेड्स की समस्या को अक्सर ऑयली स्किन से जोड़ा जाता है, लेकिन सर्दियों में ड्राई स्किन वालों को भी यह परेशानी झेलनी पड़ती है। पोर्स में जमा ऑयल, डेड स्किन और धूल त्वचा को बेजान बना देती है।

केमिकल प्रोडक्ट्स से रखें दूरी

बाजार में मिलने वाले कई ब्लैकहेड रिमूवर केमिकल युक्त होते हैं, जो सर्दियों में स्किन को और ज्यादा ड्राई और सेंसिटिव बना सकते हैं। इसलिए विशेषज्ञ भी सलाह देते हैं कि इस मौसम में नेचुरल और घरेलू नुस्खों को अपनाना ज्यादा सुरक्षित और असरदार होता है।

घरेलू नुस्खा 1: खीरा और दही

खीरे में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट्स और दही के कूलिंग गुण पोर्स को साफ करने में मदद करते हैं। खीरे को कद्दूकस कर उसमें थोड़ा दही मिलाएं और नाक व चेहरे पर 5 से 10 मिनट तक लगाएं। हल्के हाथों से मसाज कर धो लें।

घरेलू नुस्खा 2: बेकिंग सोडा

बेकिंग सोडा एक प्राकृतिक एक्सफोलिएटर है, जो डेड स्किन हटाने में मदद करता है। इसे पानी में मिलाकर पेस्ट बनाएं और ब्लैकहेड्स वाली जगह पर 10 से 15 मिनट तक लगाएं। बाद में हल्के हाथों से रगड़कर साफ करें। ध्यान रखें कि ज्यादा रगड़ने से त्वचा को नुकसान हो सकता है।

घरेलू नुस्खा 3: केले का छिलका

केले का छिलका सर्दियों में सेंसिटिव स्किन के लिए बेहद हल्का और सुरक्षित उपाय है। इसके अंदरूनी हिस्से को नाक और ब्लैकहेड्स वाली जगह पर धीरे-धीरे रगड़ें। इससे पोर्स में जमा गंदगी साफ होती है और त्वचा मुलायम बनी रहती है।

सही देखभाल से पाएं बेदाग त्वचा

नियमित स्किन केयर रूटीन, पर्याप्त हाइड्रेशन और घरेलू नुस्खों की मदद से सर्दियों में भी ब्लैकहेड्स की समस्या से छुटकारा पाया जा सकता है। थोड़ी सी सावधानी और सही देखभाल आपकी त्वचा को साफ, मुलायम और ग्लोइंग बनाए रख सकती है।