बलरामपुर जिले के पुलिस चौकी तातापानी अंतर्गत ग्राम सेंदूर के कोटवारीटाड़ में घरेलू विवाद ने खूनी रूप ले लिया। खाना तुरंत नहीं मिलने से नाराज पति ने अपनी पत्नी की लकड़ी के डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
घटना की सूचना मृतका के पुत्र राजेश कोड़ाकू (45) ने पुलिस को दी। प्रार्थी दो जनवरी 2026 को चौकी तातापानी पहुंचा और मामले की मौखिक रिपोर्ट दर्ज कराई।
रिपोर्ट के अनुसार, एक जनवरी 2026 की शाम करीब 6:30 बजे घर में खाना को लेकर विवाद हुआ। इसी दौरान आरोपी रामदेव कोड़ाकू (65) ने अपनी पत्नी रूनिया कोड़ाकू उर्फ रनिया कोड़ाकू से खाना मांगा। खाना तत्काल उपलब्ध नहीं होने पर आरोपी गुस्से में आ गया और उसने लकड़ी के डंडे से पत्नी के साथ बेरहमी से मारपीट की। गंभीर चोटों के कारण महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलते ही चौकी तातापानी पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की। जांच के दौरान गवाहों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी के खिलाफ हत्या का अपराध प्रमाणित पाया गया।
पुलिस ने आरोपी रामदेव कोड़ाकू को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।
