असम में 5.1 तीव्रता का भूकंप, कई राज्यों तक महसूस हुए झटके

सोमवार सुबह असम के मोरीगांव जिले में रिक्टर स्केल पर 5.1 तीव्रता का भूकंप आया, जिससे राज्य सहित पूर्वोत्तर भारत के कई हिस्सों में दहशत फैल गई। भूकंप की जानकारी नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी (NCS) ने दी है।

एनसीएस के अनुसार, भूकंप के झटके सुबह 04:17:40 बजे महसूस किए गए। इसका केंद्र 26.37 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 92.29 डिग्री पूर्वी देशांतर पर स्थित था, जबकि भूकंप की गहराई 50 किलोमीटर दर्ज की गई। भूकंप का केंद्र ब्रह्मपुत्र नदी के दक्षिणी किनारे पर स्थित मोरीगांव जिले में रिकॉर्ड किया गया।

असम के कई जिलों में महसूस हुए झटके

भूकंप के झटके असम के अनेक जिलों में महसूस किए गए। इनमें
कामरूप मेट्रोपॉलिटन, नागांव, पूर्व व पश्चिम कार्बी आंगलोंग, होजई, दिमा हसाओ, गोलाघाट, जोरहाट, शिवसागर, चराइदेव, कछार, करीमगंज, हैलाकांडी, धुबरी, दक्षिण सलमारा-मनकाचर और गोलपारा शामिल हैं।

इसके अलावा दरांग, तामुलपुर, सोनितपुर, कामरूप, बिश्वनाथ, उदलगुरी, नलबाड़ी, बजाली, बारपेटा, बक्सा, चिरांग, कोकराझार, बोंगाईगांव और लखीमपुर समेत कई उत्तरी जिलों में भी लोगों ने भूकंप के झटके महसूस किए।

अन्य राज्यों और देशों तक असर

भूकंप का असर असम तक सीमित नहीं रहा। झटके मेघालय की राजधानी शिलांग, अरुणाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों, साथ ही नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा और पश्चिम बंगाल में भी महसूस किए गए।

भूकंपीय रिपोर्ट के अनुसार, झटके इतने प्रभावशाली थे कि पूर्वी भूटान, चीन और बांग्लादेश के कुछ हिस्सों तक भूकंप का असर दर्ज किया गया।

नुकसान की कोई सूचना नहीं

फिलहाल भूकंप से किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है। हालांकि, तड़के आए झटकों के कारण लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए। प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।