डिजिटल मीडिया की दुनिया से एक अहम खबर सामने आई है। लल्लनटॉप ब्रांड को स्थापित करने वाले वरिष्ठ पत्रकार सौरभ द्विवेदी ने इस्तीफ़ा दे दिया है। इसके साथ ही उन्होंने इंडिया टुडे ग्रुप में संपादक पद भी छोड़ दिया है। प्रबंधन ने उनका इस्तीफ़ा स्वीकार करते हुए उन्हें कार्यमुक्त कर दिया है और उनके भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं।
सौरभ द्विवेदी ने अपने इस्तीफ़े की जानकारी सोशल मीडिया के माध्यम से साझा की है। अपने पोस्ट में उन्होंने इंडिया टुडे ग्रुप और अपनी टीम का आभार जताते हुए आगे की नई यात्रा की ओर इशारा किया है।
सूत्रों के अनुसार, सौरभ द्विवेदी अब खुद का स्वतंत्र मीडिया ब्रांड शुरू करने की तैयारी में हैं। डिजिटल पत्रकारिता में उनके लंबे अनुभव और अलग पहचान को देखते हुए उनके इस फैसले को मीडिया जगत में अहम माना जा रहा है।
गौरतलब है कि सौरभ द्विवेदी ने लल्लनटॉप को एक छोटे डिजिटल प्लेटफॉर्म से निकालकर देश के प्रमुख हिंदी डिजिटल मीडिया ब्रांड्स में शामिल किया। उनकी अगुवाई में लल्लनटॉप ने युवाओं के बीच खास पहचान बनाई।
उनके इस्तीफ़े के बाद अब यह देखना दिलचस्प होगा कि वह किस तरह का नया मीडिया प्लेटफॉर्म खड़ा करते हैं और डिजिटल पत्रकारिता को किस दिशा में ले जाते हैं।
