पूर्व केंद्रीय मंत्री व वरिष्ठ कांग्रेस नेता सुरेश कलमाडी का निधन, पुणे में होगा अंतिम संस्कार

पूर्व केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता सुरेश कलमाडी का लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। वे पुणे के दीनानाथ मंगेशकर अस्पताल में उपचाररत थे, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन से राजनीतिक और खेल जगत में शोक की लहर है।

परिवार की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, कलमाडी का पार्थिव शरीर दोपहर 2 बजे तक पुणे के एरंडवाने स्थित कलमाडी हाउस में रखा जाएगा। इसके बाद दोपहर 3.30 बजे नवी पेठ स्थित वैकुंठ श्मशान भूमि में अंतिम संस्कार किया जाएगा।

सुरेश कलमाडी कांग्रेस सरकार में केंद्रीय मंत्री रह चुके थे। वे वर्ष 1995-96 में प्रधानमंत्री पी.वी. नरसिम्हा राव की सरकार में मंत्री रहे। उनकी आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार, उन्होंने उस समय केंद्रीय रेल राज्य मंत्री के रूप में रेल बजट भी प्रस्तुत किया था

राजनीति के साथ-साथ सुरेश कलमाडी को भारतीय खेल जगत के एक प्रमुख प्रशासक के रूप में भी पहचान मिली। खेल प्रशासन के क्षेत्र में उनके योगदान को लंबे समय तक याद किया जाता रहेगा।

पुणे निवासी सुरेश कलमाडी ने 1960 के दशक की शुरुआत में राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (एनडीए) में प्रवेश लिया था। इसके बाद वे भारतीय वायु सेना में पायलट के रूप में भर्ती हुए। उन्होंने छह वर्षों तक वायु सेना में सेवा दी और इसके पश्चात दो वर्षों तक एनडीए में प्रशिक्षक के रूप में भी कार्य किया।

देश सेवा के दौरान उन्होंने 1965 और 1971 के भारत–पाक युद्ध में सक्रिय रूप से भाग लिया था। उनके निधन को राजनीतिक, खेल और रक्षा क्षेत्र के लिए एक बड़ी क्षति के रूप में देखा जा रहा है।