रायपुर। राजधानी रायपुर के तेलीबांधा थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर हुए सड़क हादसे के मामले में पुलिस ने भाजपा विधायक रेणुका सिंह के बेटे बलवंत सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 281 और 125(a) के तहत लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने का मामला दर्ज किया गया है।
जानकारी के अनुसार, यह हादसा मंगलवार देर रात करीब 1:30 बजे अग्रसेन धाम चौक के पास हुआ। तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार त्रिभुवन सिंह ठाकुर (34) को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार सड़क पर दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, त्रिभुवन चौक से गुजर रहा था, तभी अनियंत्रित कार ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद घायल को एम्बुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया।
डीजे इवेंट का काम कर लौट रहा था युवक
घायल त्रिभुवन सिंह ठाकुर तेलीबांधा का रहने वाला है और डीजे इवेंट का काम करता है। 5 जनवरी की रात करीब 1:15 बजे वह सेरीखेड़ी में काम खत्म कर बाइक से घर लौट रहा था, तभी अग्रसेन धाम चौक के पास यह हादसा हुआ।
वाहन जब्त, जांच में हुआ खुलासा
पुलिस ने मौके से कार CG 04 PC 0853 से जुड़े अहम सुराग बरामद किए और वाहन को जब्त कर लिया। पीड़ित के भाई राज नारायण सिंह (31) की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया।
जांच के दौरान पता चला कि वाहन जयप्रकाश उपाध्याय, निवासी रामानुज नगर, कुशालपुर (सरगुजा) के नाम पर पंजीकृत है। नोटिस दिए जाने पर वाहन मालिक ने पुलिस को बताया कि घटना के समय कार बलवंत सिंह ही चला रहा था।
पुलिस कार्रवाई जारी
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है और हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की बारीकी से पड़ताल की जा रही है।
