बिलासपुर: मोपका 220 केवी सब-स्टेशन में भीषण आग, 160 एमवीए पावर ट्रांसफॉर्मर जलकर खाक

बिलासपुर के मोपका स्थित 220 केवी सब-स्टेशन में 5 जनवरी की दोपहर भीषण आग लगने से विद्युत विभाग को करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ है। आग की चपेट में आकर 160 एमवीए क्षमता का पावर ट्रांसफॉर्मर पूरी तरह जलकर खाक हो गया। इस हादसे ने विद्युत विभाग की सुरक्षा व्यवस्था और जर्जर हो चुके सिस्टम की गंभीर पोल खोल दी है।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, लेकिन ट्रांसफॉर्मर में भरे भारी मात्रा में ऑयल के कारण आग पर काबू पाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। हैरानी की बात यह रही कि रायपुर से जांच के लिए जब वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे, तब भी सब-स्टेशन परिसर में आग भभक रही थी।
शुरुआती जांच में आग लगने की वजह ऑयल रिसाव मानी जा रही है। बताया जा रहा है कि पावर ट्रांसफॉर्मर से पिछले करीब 20 दिनों से ऑयल का रिसाव हो रहा था, जिसकी जानकारी संबंधित अधिकारियों को भी थी। इसके बावजूद समय रहते मरम्मत या सुरक्षा उपाय नहीं किए गए, जिससे यह बड़ा हादसा हुआ।
स्थानीय स्तर पर विभागीय लापरवाही को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। यदि समय रहते ऑयल रिसाव को गंभीरता से लिया गया होता, तो करोड़ों की संपत्ति को बचाया जा सकता था। इस घटना के बाद क्षेत्र की बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हुई, जिससे आम उपभोक्ताओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है और जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है। देखना होगा कि इस गंभीर लापरवाही पर विभागीय कार्रवाई होती है या मामला कागजी जांच तक ही सिमट कर रह जाता है।