निर्माणाधीन आंगनबाड़ी भवन का छज्जा गिरा, छठवीं के छात्र की दर्दनाक मौत मध्यान्ह भोजन के बाद स्कूल परिसर में हुआ हादसा, जांच के आदेश

बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसे में छठवीं कक्षा के छात्र की मौत हो गई। स्कूल परिसर में निर्माणाधीन आंगनबाड़ी भवन का छज्जा गिरने से 12 वर्षीय छात्र आलोक कुमार देवांगन की मौके पर ही गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद अस्पताल में उसे मृत घोषित कर दिया गया।

मृतक आलोक कुमार देवांगन शारदापुर गांव का निवासी था और वह माध्यमिक शाला खुटहन में कक्षा छठवीं का छात्र था। गुरुवार को वह रोज़ की तरह स्कूल गया था। मध्यान्ह भोजन के बाद आलोक अपने दोस्तों के साथ स्कूल परिसर में खेल रहा था। इसी दौरान खेलते-खेलते कुछ छात्र स्कूल परिसर में ही निर्माणाधीन आंगनबाड़ी भवन के पास पहुंच गए।

बताया जा रहा है कि आलोक को पेशाब लगी और वह भवन के नीचे बने छज्जे के पास खड़ा हो गया। तभी अचानक निर्माणाधीन भवन का छज्जा भरभराकर गिर पड़ा और आलोक उसके नीचे दब गया। बच्चे की चीख-पुकार सुनकर स्कूल के शिक्षक मौके पर पहुंचे और तत्काल मलबा हटाकर उसे पास के अस्पताल ले जाया गया।

अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद आलोक को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही वाड्रफनगर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

परिवार में मातम, पिता मजदूरी कर चलाते हैं परिवार

आलोक के पिता रमेश देवांगन मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। बेटे की अचानक हुई मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है और गांव में शोक का माहौल है।

जांच के आदेश, दोषियों पर होगी कार्रवाई

मामले को लेकर जनपद पंचायत के सीईओ निजामुद्दीन खान ने कहा कि निर्माणाधीन आंगनबाड़ी भवन का छज्जा गिरने से बच्चे की मौत हुई है। पूरे मामले की जांच कराई जाएगी और जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

यह हादसा एक बार फिर सरकारी भवनों के निर्माण कार्यों में लापरवाही और सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर गंभीर सवाल खड़े करता है।