बिलासपुर। जिला न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद सोमवार को पुलिस और प्रशासन में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल कोर्ट परिसर को सील कर दिया और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई।
पुलिस ने डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ते की मदद से पूरे न्यायालय परिसर की गहन तलाशी ली। जजों के सभी चैंबर, कोर्ट रूम और आसपास के क्षेत्रों की बारीकी से जांच की गई। तलाशी के दौरान कोई भी संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई, जिसके बाद पुलिस और न्यायिक अधिकारियों ने राहत की सांस ली।
सिविल लाइन थाना प्रभारी टीआई सुम्मत साहू ने बताया कि जिला न्यायालय के आधिकारिक ईमेल आईडी पर सुबह करीब 11 बजे एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा धमकी भरा मेल भेजा गया था, जिसमें कोर्ट बिल्डिंग को बम से उड़ाने की बात कही गई थी।
सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सुरक्षा एजेंसियों को मौके पर बुलाया। फिलहाल ईमेल भेजने वाले व्यक्ति की पहचान नहीं हो सकी है। साइबर सेल की टीम ईमेल के सोर्स और भेजने वाले की पहचान करने में जुटी हुई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और एहतियातन कोर्ट परिसर में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच जारी है।
