रायपुर- राज्य सरकार ने रिटायर्ड मुख्य सचिव अमिताभ जैन को मुख्य सूचना आयुक्त नियुक्त किया है। वहीं, रिटायर्ड IAS उमेश अग्रवाल और वरिष्ठ पत्रकार शिरीष चंद्र मिश्रा को राज्य सूचना आयुक्त बनाया गया है।
हाईकोर्ट में मामला जाने से हुई थी देरी
गौरतलब है कि सूचना आयोग में नियुक्ति की प्रक्रिया काफी समय से चल रही थी, लेकिन यह मामला हाईकोर्ट पहुंच जाने के कारण नियुक्तियों में लगातार विलंब हो रहा था। अब कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद सरकार ने इन अहम पदों पर नियुक्ति कर दी है।

पारदर्शिता और सूचना अधिकार को मिलेगा बल
मुख्य सूचना आयुक्त के रूप में अमिताभ जैन की नियुक्ति को प्रशासनिक अनुभव के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। वहीं, राज्य सूचना आयुक्त बनाए गए उमेश अग्रवाल और शिरीष चंद्र मिश्रा के अनुभव से सूचना के अधिकार (RTI) व्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
लंबे समय से रिक्त थे पद
सूचना आयोग में पद खाली होने की वजह से RTI से जुड़े मामलों की सुनवाई प्रभावित हो रही थी। अब नई नियुक्तियों के बाद लंबित प्रकरणों के शीघ्र निपटारे और सूचना व्यवस्था में पारदर्शिता आने की संभावना जताई जा रही है।
