रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राज्य के सरकारी कर्मचारियों को बड़ी राहत देते हुए महंगाई भत्ता (DA) केंद्र सरकार के समान बढ़ाने की घोषणा की है। अब राज्य कर्मचारियों को 55 प्रतिशत की जगह 58 प्रतिशत महंगाई भत्ता मिलेगा। इस फैसले से प्रदेश के करीब 5 लाख सरकारी कर्मचारियों को सीधा फायदा होगा।
मुख्यमंत्री ने यह घोषणा छत्तीसगढ़ राज्य कर्मचारी संघ के आठवें राज्य सम्मेलन के दौरान की। डीए बढ़ोतरी की घोषणा होते ही कर्मचारियों में खुशी की लहर दौड़ गई। लंबे समय से डीए बढ़ाने की मांग कर रहे कर्मचारी इस फैसले से संतुष्ट नजर आए।
मासिक वेतन में होगी बढ़ोतरी
डीए में 3 प्रतिशत की बढ़ोतरी से कर्मचारियों की मासिक आय में इजाफा होगा और बढ़ती महंगाई के असर से कुछ हद तक राहत मिलेगी। महंगाई के इस दौर में सरकार का यह फैसला कर्मचारियों के लिए राहतभरा माना जा रहा है।
केंद्र के बराबर DA देने का फैसला
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि
“देश के कई राज्य अभी भी केंद्र सरकार के महंगाई भत्ते से पीछे हैं, लेकिन छत्तीसगढ़ सरकार ने कर्मचारियों को केंद्र के बराबर डीए देने का निर्णय लिया है। हमारी सरकार कर्मचारियों के हितों के प्रति पूरी तरह सजग है और आगे भी समय-समय पर उनके हित में जरूरी फैसले लिए जाएंगे।”
कर्मचारी संगठनों ने जताया आभार
डीए बढ़ोतरी के बाद कर्मचारी संगठनों ने मुख्यमंत्री और राज्य सरकार का आभार जताया है। उनका कहना है कि यह निर्णय कर्मचारियों के मनोबल को बढ़ाएगा और सरकार व कर्मचारियों के बीच भरोसे को मजबूत करेगा।
