जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्ज भारत दौरे पर, आज पीएम मोदी से करेंगे मुलाकात

जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज सोमवार को अपनी पहली आधिकारिक यात्रा पर भारत पहुंच गए हैं। वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे। इस दौरान भारत और जर्मनी के बीच रणनीतिक, आर्थिक और सुरक्षा सहयोग को लेकर अहम बातचीत होने की संभावना है।

चांसलर मर्ज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर 12 से 13 जनवरी तक दो दिवसीय भारत यात्रा पर हैं। यात्रा की शुरुआत में वह अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचे। प्रधानमंत्री मोदी आज बाद में अहमदाबाद में उनसे मुलाकात करेंगे।

क्या है आज का कार्यक्रम

आधिकारिक कार्यक्रम के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चांसलर फ्रेडरिक मर्ज सुबह करीब 9:30 बजे साबरमती आश्रम का संयुक्त दौरा करेंगे। इसके बाद दोनों नेता लगभग 10 बजे साबरमती रिवरफ्रंट पर आयोजित अंतरराष्ट्रीय पतंग महोत्सव में भाग लेंगे।

इसके पश्चात दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय वार्ता सुबह 11:15 बजे महात्मा मंदिर में शुरू होगी। इस बैठक में भारत और जर्मनी के प्रतिनिधिमंडल भी शामिल होंगे। बातचीत के दौरान व्यापार, निवेश, रक्षा, जलवायु परिवर्तन, हरित ऊर्जा और वैश्विक सुरक्षा जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है।

भारत-जर्मनी संबंधों को मिलेगी नई गति

विशेषज्ञों के मुताबिक, चांसलर मर्ज की यह यात्रा भारत-जर्मनी रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है। दोनों देश वैश्विक मंच पर सहयोग बढ़ाने के साथ-साथ आर्थिक और तकनीकी साझेदारी को नई ऊंचाइयों तक ले जाने पर जोर दे सकते हैं।