गौवंश तस्करी का पर्दाफाश, 56 मवेशी बरामद, 5 आरोपी गिरफ्तार

दंतेवाड़ा। पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गौवंश तस्करी के एक संगठित मामले का खुलासा किया है। दंतेवाड़ा पुलिस ने अवैध रूप से गौवंशों को ले जाते हुए 5 युवकों को गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से 56 गौवंश सुरक्षित बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, आरोपी जंगल के दुर्गम और पहाड़ी रास्तों से गौवंशों को गीदम से सुकमा होते हुए तेलंगाना के मुलुगु स्थित बूचड़खाने ले जाने की फिराक में थे। तस्कर मुख्य मार्गों से बचते हुए वन क्षेत्रों का इस्तेमाल कर रहे थे, ताकि पुलिस और प्रशासन की नजर से बचा जा सके।

गौ संरक्षक टीम की सूचना पर कार्रवाई

जानकारी के मुताबिक, दंतेवाड़ा पुलिस को गौ संरक्षक टीम के माध्यम से सूचना मिली थी कि कुछ लोग सफेद और काले रंग के कृषक पशु बैलों को लेकर करीबदर, मरकाटोला, बेनूर, मालेवाही, बारसूर, नागूल, मड़से, पनेड़ा, गुमड़ा, बालूद, मटेनार और अरनपुर के जंगल-पहाड़ी रास्तों से होते हुए किस्टाराम जंगल की ओर बढ़ रहे हैं।

सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए संबंधित इलाकों में घेराबंदी की और सभी संदिग्धों को पकड़ लिया। मौके से 56 गौवंशों को मुक्त कराकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया।

आगे की जांच जारी

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ गौवंश संरक्षण अधिनियम और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। प्रारंभिक पूछताछ में तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी मिलने की संभावना जताई जा रही है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गौवंश तस्करी के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।