छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान अश्लील डांस परोसने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। सांस्कृतिक कार्यक्रम की आड़ में हुई कथित अश्लीलता के बाद मचे बवाल के बीच पुलिस ने अब तक कुल 14 लोगों को गिरफ्तार किया है। वहीं, मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में 3 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, सार्वजनिक स्थल पर अश्लीलता फैलाने और शांति भंग करने की धाराओं के तहत देवेंद्र राजपूत, गोविंद देवांगन, नरेंद्र साहू, हसन खान, हरदयाल नागेश, मुकेश अग्रवाल, लाल कृष्ण कश्यप, राजेश कश्यप, 24 वर्षीय सचिन कश्यप, लीलाधर साहू, ललित कौशिक, विकास यादव, जम्बूधर और उमेश यादव को गिरफ्तार किया गया है। सभी आरोपियों को आज देवभोग एसडीएम कोर्ट में पेश किया जाएगा।
रिपोर्ट के मुताबिक, कार्यक्रम के दौरान अशोभनीय प्रस्तुतियों की शिकायत के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक बीएस उइके ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 3 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। इसके साथ ही मुख्यालय से अटैच किए गए मैनपुर एसडीएम के खिलाफ भी जांच शुरू करने की तैयारी की जा रही है।
प्रशासन का कहना है कि सार्वजनिक स्थलों पर मर्यादा भंग करने वाले किसी भी आयोजन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
