भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) में सोमवार देर रात एक बड़ा औद्योगिक हादसा हो गया। स्टील मेल्टिंग शॉप-2 (एसएमएस-2) में अचानक लगी भीषण आग से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी विकराल थी कि आधी रात तक धधकती रही। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी भी तरह की जनहानि नहीं हुई है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, एसएमएस-2 के कन्वर्टर एरिया में जमीन पर हॉट मेटल फैल गया। अत्यधिक तापमान के कारण वहां बिछे विद्युत केबलों ने आग पकड़ ली और देखते ही देखते आग पूरे क्षेत्र में फैल गई। केबल जलने से बिजली आपूर्ति बाधित हो गई, जिससे हालात और गंभीर हो गए।
बिजली सप्लाई ठप होने के कारण आग बुझाने में दमकल विभाग को भारी मशक्कत करनी पड़ी। अंधेरे और तकनीकी बाधाओं के बीच फायर ब्रिगेड की टीम ने घंटों की कड़ी मेहनत के बाद आग पर काबू पाया। घटना की सूचना मिलते ही बीएसपी के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया।
एहतियात के तौर पर स्टील मेल्टिंग शॉप-2 में प्रोडक्शन को फिलहाल बंद कर दिया गया है। आग से केबल नेटवर्क और अन्य तकनीकी उपकरणों को भारी नुकसान पहुंचने की आशंका है, जिससे करोड़ों रुपए के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।
प्रबंधन की ओर से हादसे के कारणों की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। साथ ही सुरक्षा मानकों की दोबारा समीक्षा की जा रही है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
