रायपुर- बलौदाबाजार जिले के गिधौरी थाना अंतर्गत कई इलाकों में अवैध महुवा शराब का कारोबार बेखौफ तरीके से संचालित किया जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक, क्षेत्र में सुबह करीब 4 बजे से ही अवैध महुवा शराब की सप्लाई शुरू हो जाती है, जो दिनभर अलग-अलग गांवों और ढाबों तक पहुंचाई जाती है।
बताया जा रहा है कि पुलिस द्वारा समय-समय पर की जा रही कार्यवाही के बावजूद इस अवैध कारोबार पर पूरी तरह अंकुश नहीं लग पाया है। कार्रवाई के दौरान छोटे-मोटे शराब कोचियाँ तो पुलिस की गिरफ्त में आ जाते हैं, लेकिन इस पूरे नेटवर्क को संचालित करने वाला मुख्य सरगना अब तक कानून की पकड़ से बाहर है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि महुवा शराब की खुलेआम बिक्री से क्षेत्र में असामाजिक गतिविधियों में इजाफा हुआ है। शराब के नशे में आए दिन विवाद, मारपीट और सड़क दुर्घटनाओं की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
सूत्रों का कहना है कि अवैध शराब का यह नेटवर्क सुनियोजित तरीके से काम कर रहा है। तय समय पर शराब की खेप पहुंचाई जाती है और पुलिस की गतिविधियों पर भी नजर रखी जाती है, जिससे बड़े आरोपियों तक हाथ नहीं पहुंच पा रहा है।
