महादेव ऑनलाइन बुक मामले में ED की बड़ी कार्रवाई, 21.45 करोड़ की संपत्तियां जब्त

रायपुर। महादेव ऑनलाइन बुक (MOB) से जुड़े अंतरराष्ट्रीय अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी नेटवर्क पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने एक बार फिर शिकंजा कस दिया है। मनी लॉन्ड्रिंग जांच के तहत ED के रायपुर जोनल ऑफिस ने कुल 21.45 करोड़ रुपए की संपत्तियों को अस्थायी रूप से अटैच किया है।

ED द्वारा अटैच की गई संपत्तियों में करीब 98.55 लाख रुपए की चल संपत्ति और भारत व दुबई में स्थित 27 अचल संपत्तियां शामिल हैं। इन अचल संपत्तियों में आवासीय मकान, व्यवसायिक दुकानें, कृषि भूमि और लग्जरी अपार्टमेंट शामिल बताए गए हैं।

प्रवर्तन निदेशालय के मुताबिक, इस कार्रवाई की जद में महादेव ऑनलाइन बुक के मुख्य प्रमोटर और फरार आरोपी रवि उप्पल भी है। रवि उप्पल की दुबई में स्थित करीब 6.75 करोड़ रुपए मूल्य की संपत्ति को अटैच किया गया है।

इसके अलावा, सौरभ चंद्राकर के करीबी सहयोगी रजत कुमार सिंह की भिलाई और दुबई में स्थित संपत्तियों को भी जब्त किया गया है। ED का आरोप है कि रजत कुमार सिंह ने 15 से 20 करोड़ रुपए की अपराध से अर्जित आय हासिल की है।

जांच में सामने आया है कि सौरभ आहूजा और विशाल रमानी ने दुर्ग और भिलाई में करीब 100 पैनल संचालित कर लगभग 30 करोड़ रुपए की अवैध कमाई की। इसी आधार पर उनकी संपत्तियों को भी अटैच किया गया है।

वहीं, विनय कुमार और हनी सिंह की जयपुर और नई दिल्ली स्थित आवासीय संपत्तियों के साथ-साथ महिंद्रा थार और टोयोटा फॉर्च्यूनर सहित कई वाहन भी कार्रवाई के दायरे में आए हैं। दोनों पर करीब 7 करोड़ रुपए की अवैध कमाई का आरोप है।

ED ने लकी गोयल की राजस्थान स्थित दुकानों और प्लॉट्स को भी अटैच किया है। आरोप है कि उसने टेलीग्राम आधारित प्रचार के जरिए करीब 2.55 करोड़ रुपए की अवैध कमाई की। इसके अलावा दुबई स्थित ऑपरेटर राजा गुप्ता की रायपुर की एक अचल संपत्ति को भी जब्त किया गया है।

प्रवर्तन निदेशालय का कहना है कि महादेव ऑनलाइन बुक नेटवर्क के खिलाफ जांच जारी है और आने वाले दिनों में इस मामले में और भी बड़ी कार्रवाई हो सकती है।