बलौदाबाजार। बलौदाबाजार जिले में हुई आगजनी और हिंसा की बड़ी घटना में पुलिस को एक और अहम सफलता मिली है। छत्तीसगढ़ क्रांति सेना के प्रमुख अमित बघेल को इस मामले में गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी अमित बघेल को रायपुर जेल से प्रोडक्शन वारंट पर बलौदाबाजार लाया जा रहा है, जहां पुलिस उन्हें सीधे कोर्ट में पेश करेगी।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, अमित बघेल की गिरफ्तारी आगजनी और हिंसा की घटना की गहन जांच के तहत की गई है। जांच एजेंसियों का मानना है कि आरोपी की भूमिका घटना को भड़काने और हिंसा से जुड़े अन्य पहलुओं में रही है, जिसे लेकर उससे पूछताछ की जाएगी।
बताया जा रहा है कि इस मामले में पुलिस पहले ही कई अहम आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। अब तक कुल 201 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जो इस घटना की गंभीरता को दर्शाता है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और आने वाले दिनों में और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं। प्रशासन पूरे घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ते हुए साजिश, फंडिंग और भड़काऊ गतिविधियों की भी जांच कर रहा है।
गौरतलब है कि बलौदाबाजार आगजनी-हिंसा की घटना ने पूरे प्रदेश में कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए थे, जिसके बाद से पुलिस और प्रशासन लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है।
