जुबिन गर्ग मौत मामला: सिंगापुर में डूबने से हुई थी मौत, कोरोनर कोर्ट में खुलासा—नशे में थे, लाइफ जैकेट पहनने से किया था इनकार

लोकप्रिय भारतीय गायक-गीतकार जुबिन गर्ग की सितंबर 2025 में सिंगापुर में हुई मौत को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। 14 जनवरी को सिंगापुर की कोरोनर कोर्ट में पुलिस जांच अधिकारी ने बताया कि जुबिन गर्ग की मौत डूबने से हुई थी और घटना के समय वे अत्यधिक नशे में थे

ब्रिटिश अखबार द स्ट्रेट्स टाइम्स और न्यूज एजेंसी PTI की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस कोस्ट गार्ड के असिस्टेंट सुपरिंटेंडेंट डेविड लिम ने कोर्ट में गवाही दी। उन्होंने बताया कि यह हादसा 19 सितंबर 2025 को सिंगापुर के लाजरस द्वीप के पास हुआ था।

यॉट से उतरकर तैरने गए, लाइफ जैकेट पहनने से किया इनकार

पुलिस के अनुसार, जुबिन गर्ग एक निजी यॉट पर सवार थे, जो दोपहर करीब 2 बजे केप्पेल बे मरीना से रवाना हुआ और 2:30 बजे लाजरस द्वीप के पास पहुंचा। यॉट पर उतरने से पहले उन्होंने शराब पी रखी थी।

शुरुआत में जुबिन ने लाइफ जैकेट पहनी, लेकिन बाद में यह कहते हुए उतार दी कि वह “बहुत बड़ी है”। दोस्तों ने उन्हें दूसरी, छोटी जैकेट ऑफर की, लेकिन उन्होंने उसे भी पहनने से मना कर दिया और अकेले ही पानी में उतर गए

दोस्तों की कोशिश नाकाम, CPR के बाद अस्पताल में मौत

गवाही के मुताबिक, तैरते समय जुबिन गर्ग अचानक स्थिर हो गए और पेट के बल पानी में तैरते नजर आए। दोस्तों ने उन्हें आवाज दी और यॉट पर वापस लाने की कोशिश की। यॉट पर लाए जाने के बाद उन्हें CPR दिया गया और तुरंत सिंगापुर जनरल हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां उसी दिन उनकी मौत हो गई।

टॉक्सिकोलॉजी रिपोर्ट में चार गुना ज्यादा अल्कोहल

कोर्ट में पेश टॉक्सिकोलॉजी रिपोर्ट के अनुसार, जुबिन गर्ग के खून में 100 मिलीलीटर में 333 मिलीग्राम अल्कोहल पाया गया, जबकि सिंगापुर में कानूनी सीमा 80 mg है। डॉक्टरों ने बताया कि इतनी अधिक मात्रा में शराब होने से संतुलन और रिफ्लेक्स गंभीर रूप से प्रभावित हो जाते हैं।

गवाहों ने भी बताया कि जुबिन यॉट पर चढ़ते समय लड़खड़ा रहे थे, और दोस्तों को उनका हाथ पकड़कर सहारा देना पड़ा था।

पहले से थीं बीमारियां, लेकिन दौरे के सबूत नहीं

डॉक्टरों के अनुसार, जुबिन गर्ग को हाई ब्लड प्रेशर और मिर्गी (एपिलेप्सी) की समस्या थी। हालांकि, ऑटोप्सी रिपोर्ट में दौरा पड़ने के कोई संकेत नहीं मिले। शरीर पर जो चोटें पाई गईं, वे CPR देने के दौरान लगी थीं।

रिपोर्ट में यह भी स्पष्ट किया गया कि खून में उनकी नियमित बीमारियों से जुड़ी दवाइयों के अलावा किसी अन्य ड्रग के सबूत नहीं मिले

पुलिस का दावा: न आत्महत्या, न साजिश

पुलिस ने कोर्ट को बताया कि इस मामले में आत्महत्या, जबरदस्ती या किसी साजिश के कोई सबूत नहीं हैं। मौत को एक दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना माना गया है।

मामले की विस्तृत जांच के तहत 35 गवाहों की गवाही दर्ज की जाएगी। इस केस में अगली सुनवाई फरवरी में निर्धारित की गई है।

जुबिन गर्ग सिंगापुर में नॉर्थ ईस्ट इंडिया फेस्टिवल में परफॉर्म करने के लिए पहुंचे थे, लेकिन उससे पहले ही यह दर्दनाक हादसा हो गया।