रायपुर। शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, रायपुर में 23 जनवरी को भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले जाने वाले टी-20 मुकाबले को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। इसी कड़ी में आज 16 जनवरी को सुबह 10 बजे से स्टूडेंट टिकट काउंटर खोल दिया गया है।
स्टूडेंट्स इंडोर स्टेडियम रायपुर पहुंचकर अपने टिकट खरीद सकते हैं। स्टूडेंट टिकट की कीमत 800 रुपये रखी गई है। नियम के अनुसार एक आईडी पर केवल एक ही स्टूडेंट को टिकट दिया जाएगा।
वहीं, अन्य कैटेगरी के दर्शकों के लिए गुरुवार शाम 7 बजे से टिकट विंडो खोली गई, लेकिन सुबह 8:30 बजे तक 2500, 3000 और 3500 रुपये वाली टिकटें सोल्ड आउट नहीं हो पाईं।
इसके विपरीत, 2000 रुपये वाली टिकटें विंडो खुलने के महज छह मिनट के भीतर ही पूरी तरह बिक गईं, जो दर्शकों की जबरदस्त मांग को दर्शाता है।
इस बार क्रिकेट संघ ने केवल एक ही फेज में टिकट जारी किए हैं, और स्पष्ट कर दिया गया है कि इसके बाद कोई नई टिकट विंडो नहीं खोली जाएगी।
भारत–न्यूजीलैंड टी-20 मुकाबले को लेकर रायपुर में माहौल पूरी तरह क्रिकेटमय हो चुका है, और स्टेडियम के खचाखच भरे रहने की पूरी संभावना जताई जा रही है।
