बड़ी खबर… बीजापुर नेशनल पार्क क्षेत्र में मुठभेड़, दो नक्सली ढेर; AK-47 बरामद..

बीजापुर। छत्तीसगढ़–महाराष्ट्र बॉर्डर से सटे बीजापुर नेशनल पार्क क्षेत्र में सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच बड़ी मुठभेड़ हुई है। इस दौरान जवानों ने दो नक्सलियों को मार गिराया। मौके से दोनों के शव और हथियार बरामद कर लिए गए हैं। मारे गए नक्सलियों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।

सूत्रों के अनुसार इलाके में नक्सली लीडर पापाराव के साथ बड़ी संख्या में माओवादियों की मौजूदगी की खुफिया सूचना मिली थी। इसके बाद सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम को सर्च ऑपरेशन के लिए रवाना किया गया। इसी दौरान नक्सलियों ने फोर्स पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में जवानों ने मोर्चा संभाला।

मुठभेड़ स्थल से AK-47 जैसे अत्याधुनिक हथियार बरामद किए गए हैं। पापाराव दंडकारण्य स्पेशल जोनल कमेटी का इकलौता सदस्य बताया जा रहा है और वह इस पूरे क्षेत्र का इंचार्ज भी है।

बताया जा रहा है कि शनिवार सुबह से ही सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच रुक-रुक कर फायरिंग जारी है। इलाके में अतिरिक्त बल तैनात कर सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और अभियान अभी जारी है।