बठिंडा जिले में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में गुजरात पुलिस की महिला पुलिस कर्मी अमिता सहित पांच युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब सभी फॉर्च्यूनर गाड़ी में सवार होकर बठिंडा से गुजरात की ओर जा रहे थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुजरात पुलिस में तैनात अमिता अपने चार दोस्तों अंकुश, भरत, चेतन और सतीश के साथ यात्रा कर रही थीं। जैसे ही उनकी फॉर्च्यूनर गाड़ी गांव गुरथड़ी के पास मैन हाईवे पर पहुंची, तेज रफ्तार के कारण वाहन अनियंत्रित हो गया और डिवाइडर से जा टकराया।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि फॉर्च्यूनर के परखच्चे उड़ गए। हादसे में कार सवार सभी पांच लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। इस हादसे से मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है।
