रायपुर। राजधानी रायपुर के टैगोर नगर स्थित जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में गुरुवार को भीषण आग लग गई। आग लगने से कार्यालय परिसर में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आग कार्यालय के भंडार कक्ष में लगी, जहां विभाग से संबंधित महत्वपूर्ण फाइलें और दस्तावेज रखे हुए थे। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते आसपास के हिस्सों तक पहुंच गई। इस हादसे में कई अहम दस्तावेज जलकर खाक हो गए, जिससे शिक्षा विभाग को भारी नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है।
आग की सूचना मिलते ही कार्यालय में मौजूद कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
फिलहाल आग लगने के सटीक कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। मामले की जांच कोतवाली थाना पुलिस द्वारा की जा रही है। वहीं, शिक्षा विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचकर हुए नुकसान का आंकलन कर रहे हैं।
