डोंगरीडीह के पास बाइक–ट्रक की टक्कर, एक की मौके पर मौत, एक घायल… मौके पर पहुंची पुलिस पेट्रोलिंग की टीम

बलौदाबाजार। थाना लवन क्षेत्र अंतर्गत ग्राम डोंगरीडीह के पास बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां बाइक और घरेलू गैस से लदे ट्रक के बीच हुई जोरदार टक्कर में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रक कसडोल की ओर जा रहा था, तभी डोंगरीडीह के पास सामने से आ रही बाइक से उसकी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार एक युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, वहीं दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जमा हो गए। सूचना मिलने पर लवन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई शुरू की। घायल को तत्काल उपचार के लिए कसडोल अस्पताल भेजा गया है।
फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।