नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन का पार्टी का 12वां राष्ट्रीय अध्यक्ष बनना लगभग तय हो गया है। नितिन नबीन ने भाजपा मुख्यालय में राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
नामांकन की प्रक्रिया के दौरान भाजपा के दिग्गज नेता मौजूद रहे। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, नितिन गडकरी सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने चुनाव अधिकारी को नितिन नबीन के समर्थन में प्रस्ताव पत्र सौंपे। इससे साफ संकेत मिल गया है कि पार्टी नेतृत्व पूरी तरह उनके साथ खड़ा है।
पार्टी के चुनाव कार्यक्रम के अनुसार,
शाम 4 बजे से 5 बजे तक नामांकन पत्रों की जांच होगी
शाम 5 बजे से 6 बजे तक नाम वापस लेने का समय निर्धारित है
यदि इस दौरान कोई अन्य उम्मीदवार नामांकन दाखिल नहीं करता है, तो चुनाव अधिकारी नितिन नबीन को निर्विरोध राष्ट्रीय अध्यक्ष घोषित कर देंगे। हालांकि, यदि कोई दूसरा दावेदार सामने आता है, तो 20 जनवरी को मतदान कराया जाएगा।
इस अहम मौके पर भाजपा शासित राज्यों के लगभग सभी मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष, राज्य इकाइयों के प्रमुख और वरिष्ठ नेता पार्टी मुख्यालय में मौजूद रहेंगे। इससे यह चुनाव भाजपा के लिए एक बड़े संगठनात्मक आयोजन का रूप ले चुका है।
गौरतलब है कि भाजपा ने 16 जनवरी को राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी किया था। इससे पहले 14 दिसंबर 2025 को नितिन नबीन को पार्टी का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। संगठन में उनके अनुभव और नेतृत्व क्षमता को देखते हुए पार्टी ने उन पर भरोसा जताया है।
नितिन नबीन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के साथ ही भाजपा के संगठनात्मक ढांचे में नए सिरे से ऊर्जा और दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
