छत्तीसगढ़ सूचना आयोग को मिला नया नेतृत्व, राज्यपाल ने दिलाई आयुक्तों को शपथ

रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य सूचना आयोग में नए नेतृत्व के आगमन के साथ सोमवार का दिन ऐतिहासिक रहा। राज्यपाल रमेन डेका ने नवनियुक्त मुख्य सूचना आयुक्त अमिताभ जैन तथा राज्य सूचना आयुक्त उमेश कुमार अग्रवाल और शिरीष चंद्र मिश्रा को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
शपथ ग्रहण समारोह का संचालन मुख्य सचिव विकास शील ने किया। इस गरिमामय अवसर पर राज्य शासन के वरिष्ठ अधिकारी, सूचना आयोग के पदाधिकारी एवं अन्य अतिथि उपस्थित रहे।
नवनियुक्त आयुक्तों के पदभार संभालने के बाद राज्य में सूचना के अधिकार (RTI) से जुड़े मामलों में अधिक पारदर्शिता, जवाबदेही और त्वरित निर्णय की उम्मीद जताई जा रही है। इससे आम नागरिकों के साथ-साथ सरकारी संस्थाओं को भी सूचना से संबंधित मामलों में राहत मिलने की संभावना है।
राज्यपाल रमेन डेका ने अपने संबोधन में सभी नवनियुक्त आयुक्तों को शुभकामनाएँ देते हुए निष्पक्षता, ईमानदारी और जनसेवा को सर्वोपरि रखने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि सूचना आयोग लोकतंत्र को मजबूत करने की दिशा में अहम भूमिका निभाता है।
इस शपथ ग्रहण को छत्तीसगढ़ में सूचना प्रणाली को और सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।