नक्सल प्रभावित छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में सुरक्षा बलों को एक और बड़ी कामयाबी मिली है। जिले में चलाए जा रहे नक्सल विरोधी अभियान के तहत कुल 9 नक्सलियों ने पुलिस और सुरक्षा बलों के सामने आत्मसमर्पण किया है। आत्मसमर्पण करने वालों में 6 महिला और 3 पुरुष नक्सली शामिल हैं।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, सरेंडर करने वाले नक्सलियों में बलदेव, मंजू और उषा जैसे सक्रिय नक्सली भी शामिल हैं। सभी नक्सलियों ने मंगलवार को गरियाबंद पुलिस के समक्ष हथियार डालकर मुख्यधारा में लौटने का फैसला लिया।
परिजनों और पूर्व नक्सलियों की अपील का असर
रिपोर्ट के अनुसार, नक्सली बलदेव और उषा के परिजनों ने लंबे समय से उनसे हिंसा का रास्ता छोड़ने और आत्मसमर्पण करने की अपील की थी। इसके साथ ही पूर्व में आत्मसमर्पण कर चुके नक्सलियों ने भी बलदेव, मंजू और उषा से लगातार संपर्क कर उन्हें सरेंडर के लिए प्रेरित किया।
राज्य सरकार की आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति, सुरक्षा बलों का दबाव और विकास कार्यों का असर अब साफ नजर आने लगा है। नक्सली संगठन से जुड़े लोग हिंसा छोड़कर सामान्य जीवन जीने के लिए आगे आ रहे हैं।
