बलौदाबाजार जिले के कसडोल थाना क्षेत्र अंतर्गत डोंगरीडीह पुल के पास सोमवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। हादसे में मार्केटिंग का काम करने वाले एक व्यक्ति को अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे में घायल व्यक्ति के सिर और पैर में गंभीर चोटें आई हैं, वहीं एक पैर फ्रैक्चर होने की भी जानकारी सामने आई है। घटना की सूचना मिलते ही हाइवे पेट्रोलिंग टीम ASI टीकाराम ध्रुव और आरक्षक अशोक धृतलहरे तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालते हुए घायल को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कसडोल पहुंचाया गया।
पुलिस से मिली प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक घायल व्यक्ति रायपुर के ब्राह्मण पारा क्षेत्र का रहने वाला है और वह मार्केटिंग का कार्य कर वापस रायपुर लौट रहा था, तभी डोंगरीडीह पुल के पास यह हादसा हो गया।
गौरतलब है कि इसी सुबह इसी क्षेत्र में एक अन्य बड़ी घटना में एक युवक की मौत हो चुकी थी, जिससे इलाके में दहशत और चिंता का माहौल बना हुआ है।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
