भाटापारा | बलौदाबाजार–भाटापारा जिले के भाटापारा से बड़ी और दर्दनाक खबर सामने आई है। भाटापारा ग्रामीण थाना क्षेत्र के ग्राम निपानिया स्थित रियल इस्पात स्पंज आयरन फैक्ट्री में आज सुबह हुए भीषण ब्लास्ट में 6 मजदूरों की मौत की पुष्टि हो गई है।
जानकारी के मुताबिक फैक्ट्री के स्पंज आयरन प्लांट में अचानक जोरदार धमाका हुआ, जिससे फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी मच गई। हादसे के वक्त बड़ी संख्या में मजदूर ड्यूटी पर मौजूद थे।
10 से अधिक मजदूर गंभीर रूप से झुलसे
इस हादसे में 10 से ज्यादा मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए हैं। इनमें से 5 मजदूरों की हालत नाजुक बनी हुई है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर रेफर किया गया है, जबकि अन्य घायलों का इलाज नजदीकी अस्पताल में जारी है।
मौके पर पुलिस-प्रशासन, राहत कार्य जारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। फैक्ट्री परिसर को घेराबंदी कर राहत एवं बचाव कार्य चलाया गया।
ब्लास्ट के कारणों की जांच शुरू
फिलहाल ब्लास्ट के कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रशासन ने पूरे मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं। तकनीकी खामी या सुरक्षा मानकों में लापरवाही की आशंका जताई जा रही है।
