प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को केरल के दौरे पर रहेंगे, जहां वे विकास, नवाचार और शहरी आजीविका से जुड़ी कई अहम परियोजनाओं की शुरुआत करेंगे। इसके साथ ही वे केरल और तमिलनाडु में जनसभाओं को संबोधित कर भाजपा के चुनाव अभियान का आगाज़ भी करेंगे।
चार नई रेल सेवाओं को दिखाएंगे हरी झंडी
प्रधानमंत्री मोदी रेल संपर्क को मजबूत करने के उद्देश्य से चार नई रेल सेवाओं को हरी झंडी दिखाएंगे। इनमें तीन अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनें शामिल हैं। इन नई ट्रेनों से केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के बीच लंबी दूरी और क्षेत्रीय संपर्क को मजबूती मिलेगी।
रेल मंत्रालय के मुताबिक, इन सेवाओं से यात्रियों को किफायती, सुरक्षित और समयबद्ध यात्रा का लाभ मिलेगा, वहीं पर्यटन, व्यापार, शिक्षा, रोजगार और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को भी बढ़ावा मिलेगा।
रेहड़ी-पटरी वालों को मिलेगा पीएम स्वनिधि का लाभ
प्रधानमंत्री शहरी आजीविका को सशक्त बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए केरल के रेहड़ी-पटरी वालों सहित देशभर के एक लाख लाभार्थियों को पीएम स्वनिधि ऋण और क्रेडिट कार्ड वितरित करेंगे। यह योजना रेहड़ी-पटरी वालों के लिए वित्तीय समावेशन के अगले चरण का प्रतीक मानी जा रही है।
विज्ञान और नवाचार को मिलेगा बढ़ावा
पीएम मोदी तिरुवनंतपुरम में सीएसआईआर–एनआईआईएसटी इनोवेशन, टेक्नोलॉजी एंड एंटरप्रेन्योरशिप हब की आधारशिला रखेंगे। यह केंद्र विज्ञान, स्टार्टअप और उद्यमिता को बढ़ावा देने में अहम भूमिका निभाएगा। इसके अलावा राज्य की राजधानी में एक आधुनिक डाकघर का उद्घाटन भी प्रधानमंत्री करेंगे।
तमिलनाडु में चुनावी बिगुल
प्रधानमंत्री मोदी शुक्रवार को केरल और तमिलनाडु में जनसभाओं को संबोधित कर भाजपा के चुनावी अभियान की शुरुआत करेंगे। दौरे से पहले तमिलनाडु चुनाव के लिए पार्टी प्रभारी पीयूष गोयल ने सहयोगी दलों के साथ कई बैठकें कर रणनीति को अंतिम रूप दिया है।
भाजपा ने एएमएमके के महासचिव टी.टी.वी. दिनाकरन और पीएमके के अंबुमणि गुट को साथ लाकर गठबंधन को मजबूत करने में सफलता हासिल की है।
पीएम का कार्यक्रम
प्रधानमंत्री तिरुवनंतपुरम से चेन्नई हवाई अड्डे पहुंचेंगे। इसके बाद वे हेलीकॉप्टर से मदुरांतकम जाएंगे और वहां से सड़क मार्ग से कार्यक्रम स्थल पहुंचकर दोपहर 3 बजे जनसभा को संबोधित करेंगे।
शाम 4:30 बजे मदुरांतकम से हेलीकॉप्टर द्वारा रवाना होकर चेन्नई हवाई अड्डे पहुंचेंगे और करीब शाम 5 बजे नई दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे।
