रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी20 मुकाबले में टीम इंडिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कीवियों को 7 विकेट से करारी शिकस्त दी।
न्यूजीलैंड द्वारा दिए गए 209 रन के बड़े लक्ष्य को भारतीय टीम ने महज 15.2 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया। इस जीत के साथ भारतीय टीम ने घरेलू मैदान पर अपनी ताकत का शानदार प्रदर्शन किया।
कप्तान सूर्यकुमार यादव का तूफानी अंदाज़
भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने एक बार फिर अपने आक्रामक अंदाज़ से दर्शकों का दिल जीत लिया। उन्होंने 37 गेंदों पर नाबाद 82 रन की विस्फोटक पारी खेली। इस दौरान उनके बल्ले से चौकों-छक्कों की बरसात देखने को मिली।
ईशान किशन की धमाकेदार पारी
वहीं, ओपनर ईशान किशन ने भी कप्तान का भरपूर साथ निभाया। ईशान ने 32 गेंदों पर 76 रन की ताबड़तोड़ पारी खेलते हुए न्यूजीलैंड के गेंदबाजों की लाइन-लेंथ बिगाड़ दी।
122 रन की मैच जिताऊ साझेदारी
सूर्यकुमार यादव और ईशान किशन के बीच 122 रनों की शानदार साझेदारी हुई, जिसने मैच को पूरी तरह भारत के पक्ष में मोड़ दिया। दोनों बल्लेबाजों ने बिना दबाव लिए आक्रामक क्रिकेट खेला और लक्ष्य को बेहद आसान बना दिया।
रायपुर में जश्न का माहौल
टीम इंडिया की इस ऐतिहासिक जीत के बाद रायपुर स्टेडियम में जश्न का माहौल देखने को मिला। दर्शकों ने तालियों और नारों के साथ खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया।
