बिलासपुर। बिलासपुर रेंज को शुक्रवार को नया पुलिस महानिरीक्षक मिल गया। 2007 बैच के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी रामगोपाल गर्ग ने औपचारिक रूप से आईजी बिलासपुर रेंज का कार्यभार संभाल लिया। पदभार ग्रहण करते ही उन्होंने साफ संकेत दिए कि उनकी पुलिसिंग की प्राथमिकता जनहित केंद्रित, पारदर्शी और तकनीक-सक्षम व्यवस्था होगी।
कार्यभार संभालने के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए आईजी रामगोपाल गर्ग ने कहा कि आम नागरिकों को पुलिस थानों में किसी भी प्रकार की असुविधा, देरी या अनावश्यक परेशानी न हो, यह उनकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के बीच विश्वास को और मजबूत करना उनकी पहली जिम्मेदारी होगी।
इसी दिशा में एक अहम और नवाचारपूर्ण पहल की घोषणा करते हुए आईजी गर्ग ने बताया कि बिलासपुर रेंज के सभी पुलिस थानों में जल्द ही QR कोड आधारित शिकायत प्रणाली लागू की जाएगी। इस व्यवस्था के तहत नागरिक मोबाइल से QR कोड स्कैन कर सीधे अपनी शिकायत दर्ज कर सकेंगे, जिससे पारदर्शिता बढ़ेगी और शिकायतों के त्वरित निराकरण में मदद मिलेगी।
आईजी गर्ग ने यह भी स्पष्ट किया कि तकनीक के बेहतर उपयोग के साथ-साथ पुलिस कर्मियों के व्यवहार और जवाबदेही पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस थानों को जनता के लिए मित्रवत बनाया जाएगा, ताकि लोग बिना किसी डर के अपनी बात रख सकें।
नई जिम्मेदारी संभालते ही आईजी रामगोपाल गर्ग की यह पहल डिजिटल पुलिसिंग की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है, जिससे आम नागरिकों को सीधे राहत मिलने की उम्मीद है।
