छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां फुटबॉल प्रतियोगिता के समापन कार्यक्रम में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम विवादों में घिर गया। फिल्मी गानों पर डांस कर रही डांसरों पर रोजगार सहायक द्वारा नोट उड़ाने और उनके साथ ठुमके लगाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। मामला सामने आते ही प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए रोजगार सहायक को बर्खास्त कर दिया है।
वायरल वीडियो में स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है कि रोजगार सहायक जिंदर साय सोनवानी न सिर्फ डांसरों पर नोट लुटा रहे हैं, बल्कि उनके साथ मंच पर डांस करते हुए भी नजर आ रहे हैं। आरोप है कि पंचायत स्तर पर आयोजित इस कार्यक्रम में कोरबा की एक नाचा पार्टी को करीब 10 लाख रुपये में बुलाया गया था, जिसमें तीन से चार डांसर शामिल थीं।
पोड़ी पंचायत में हुआ आयोजन
दरअसल, शुक्रवार को सोनहत ब्लॉक की ग्राम पंचायत पोड़ी में फुटबॉल टूर्नामेंट का समापन कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य शिवकुमारी, भाजयुमो जिला महामंत्री मनोज साहू, भाजपा जिला मंत्री ईश्वर राजवाड़े और जनपद अध्यक्ष आशा सोनपाकर शामिल हुए थे, लेकिन समापन के बाद सभी जनप्रतिनिधि लौट गए।
इसके बाद देर रात पोड़ी स्कूल मैदान परिसर में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें फिल्मी गानों पर डांसरों ने जमकर डांस किया। कार्यक्रम देर रात तक चलता रहा।

रोजगार सहायक और सरपंच पति पर आरोप
कार्यक्रम के दौरान रोजगार सहायक जिंदर साय सोनवानी के साथ पंचायत की महिला सरपंच पार्वती देवी के पति बहादुर भी डांसरों पर पैसे उड़ाते नजर आए। लोगों ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिसके बाद मामला तूल पकड़ गया।
