संसद का बजट सत्र आज से शुरू, राष्ट्रपति के अभिभाषण से होगी शुरुआत, 1 फरवरी को पेश होगा आम बजट, विपक्ष-सरकार के बीच टकराव के आसार

नई दिल्ली। संसद का बजट सत्र आज से शुरू हो रहा है। सत्र के पहले चरण की शुरुआत राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के संसद के संयुक्त अभिभाषण से होगी। इसके बाद 1 फरवरी को वित्त मंत्री द्वारा आम बजट पेश किया जाएगा। खास बात यह है कि इस बार बजट रविवार के दिन प्रस्तुत होगा, जो संसदीय इतिहास में एक दुर्लभ अवसर माना जा रहा है।

बजट सत्र दो चरणों में आयोजित किया जाएगा। पहला चरण 13 फरवरी तक चलेगा, जबकि दूसरा चरण 9 मार्च से शुरू होकर 2 अप्रैल तक चलेगा। सत्र के दौरान आर्थिक नीतियों, सरकारी योजनाओं और विधायी कार्यों पर चर्चा प्रस्तावित है।

हालांकि, सत्र की शुरुआत से पहले ही राजनीतिक माहौल गरम हो गया है। सत्र से पहले आयोजित सर्वदलीय बैठक में सरकार और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली। विपक्ष की प्रमुख मांगों को सरकार द्वारा खारिज किए जाने के बाद संसद में हंगामे के संकेत मिल रहे हैं।

विपक्षी दलों का आरोप है कि वीबी-जीरामजी कानून मनरेगा की मूल भावना को कमजोर करता है, जबकि SIR प्रक्रिया लोकतांत्रिक मूल्यों पर सवाल खड़े करती है। वहीं सरकार का कहना है कि ये कदम विकास, पारदर्शिता और सुधार की दिशा में उठाए गए हैं।

इसके अलावा, सत्र के दौरान असम, केरल, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल और पुडुचेरी में विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में चुनावी माहौल का असर संसद की कार्यवाही पर भी पड़ने की संभावना है और राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप तेज हो सकते हैं।

अब यह देखना दिलचस्प होगा कि बजट सत्र में सार्थक बहस होती है या फिर राजनीतिक हंगामा कार्यवाही पर हावी रहता है।