अरिजीत सिंह ने लिया प्लेबैक सिंगिंग से रिटायरमेंट, फैंस को दिया बड़ा झटका, सोशल मीडिया पर किया ऐलान

मुंबई। भारतीय म्यूजिक इंडस्ट्री से एक बड़ी और चौंकाने वाली खबर सामने आई है। अपनी आवाज से करोड़ों दिलों पर राज करने वाले मशहूर प्लेबैक सिंगर और सॉन्गराइटर अरिजीत सिंह ने फिल्मों के लिए प्लेबैक सिंगिंग से रिटायरमेंट लेने का ऐलान कर दिया है। अरिजीत ने यह जानकारी अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के जरिए फैंस के साथ साझा की।

हालांकि, अरिजीत सिंह ने साफ किया है कि वह संगीत से पूरी तरह दूर नहीं जा रहे हैं। वह आगे भी गाने और म्यूजिक बनाते रहेंगे। उनके इस फैसले से म्यूजिक इंडस्ट्री में हलचल मच गई है और फैंस भावुक प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।

सोशल मीडिया पोस्ट से किया बड़ा ऐलान

अरिजीत सिंह ने इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा,

“हेलो, सभी को नया साल मुबारक। इतने सालों तक मुझे सुनने और इतना प्यार देने के लिए आप सभी का धन्यवाद। मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि अब मैं प्लेबैक सिंगर के तौर पर कोई नया असाइनमेंट नहीं लूंगा। मैं इसे यहीं खत्म कर रहा हूं। यह एक बेहद शानदार सफर रहा।”

‘म्यूजिक बनाना बंद नहीं कर रहा हूं’

अपने पोस्ट में अरिजीत ने आगे लिखा,

“भगवान मुझ पर बहुत मेहरबान रहे हैं। मैं अच्छे म्यूजिक का फैन हूं और आगे भी एक छोटे आर्टिस्ट की तरह सीखता रहूंगा और अपने लिए काम करता रहूंगा। आप सभी के सपोर्ट के लिए फिर से धन्यवाद। मेरी कुछ कमिटमेंट्स अभी बाकी हैं, जिन्हें मैं पूरा करूंगा, इसलिए हो सकता है कि इस साल कुछ रिलीज हों। बस इतना साफ करना चाहता हूं कि मैं म्यूजिक बनाना बंद नहीं कर रहा हूं।”

2005 में की थी करियर की शुरुआत

गौरतलब है कि अरिजीत सिंह सिर्फ सिंगर ही नहीं, बल्कि एक बेहतरीन कंपोजर, म्यूजिक प्रोड्यूसर और इंस्ट्रुमेंटलिस्ट भी हैं। उन्होंने साल 2005 में रियलिटी शो फेम गुरुकुल में हिस्सा लेकर अपने म्यूजिक करियर की शुरुआत की थी।

साल 2011 में फिल्म मर्डर 2 के गाने ‘फिर मोहब्बत’ से उन्होंने हिंदी फिल्मों में प्लेबैक सिंगर के तौर पर डेब्यू किया, जो सुपरहिट साबित हुआ। इसके बाद अरिजीत ने ‘तुम ही हो’, ‘बिनते दिल’, ‘केसरिया’ जैसे कई यादगार और चार्टबस्टर गाने दिए।

सम्मान और उपलब्धियां

अपनी शानदार गायकी के लिए अरिजीत सिंह को दो नेशनल फिल्म अवॉर्ड समेत कई बड़े पुरस्कार मिल चुके हैं। साल 2025 में भारत सरकार ने उन्हें पद्म श्री सम्मान से भी नवाजा था।

प्लेबैक सिंगिंग से अरिजीत सिंह के रिटायरमेंट के फैसले ने फैंस को भावुक कर दिया है, लेकिन उनके इस भरोसे ने राहत भी दी है कि वह संगीत की दुनिया से दूर नहीं जा रहे।