पोल्ट्री फार्म के पास बनी हैचरी की दीवार गिरी, सोते समय हुआ दर्दनाक हादसा
मतलौडा (हरियाणा)।
गांव शेरा के चौधरी लेयर पोल्ट्री फार्म हाउस में शुक्रवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब बिजली ट्रांसफार्मर में जोरदार धमाका हो गया। धमाका इतना भीषण था कि ट्रांसफार्मर से सटी हैचरी की दीवार भरभराकर गिर गई। इस हादसे में दो मासूम बच्चों समेत कुल 11 लोग घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक, पीड़ित परिवार हैचरी के पास ही सो रहा था। सुबह अचानक ट्रांसफार्मर में तकनीकी खराबी आ गई और तेज धमाका हो गया। धमाके के झटके से हैचरी की दीवार गिर गई, जो सीधे सो रहे लोगों पर आ गिरी। दीवार के नीचे दबने से कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
मलबे में दबने वालों की पहचान 35 वर्षीय मनसा राम, 25 वर्षीय रंजना, 11 वर्षीय नितेश और 9 साल की मासूम सोनम के रूप में हुई है। इसके अलावा सात अन्य लोग भी घायल हुए हैं, जिन्हें ट्रांसफार्मर फटने के बाद निकले ज्वलनशील पदार्थ के छींटे लगे। सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही मतलौडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। वहीं, बिजली निगम की टीम भी मौके पर पहुंचकर ट्रांसफार्मर फटने के कारणों की जांच में जुट गई है। प्रारंभिक जांच में तकनीकी खराबी को हादसे की वजह माना जा रहा है, हालांकि विस्तृत जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
हादसे के बाद गांव में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग की लापरवाही का आरोप लगाते हुए ट्रांसफार्मरों की नियमित जांच और सुरक्षा इंतजामों की मांग की है।
