कुवैत-दिल्ली इंडिगो फ्लाइट में बम की धमकी से हड़कंप, अहमदाबाद में किया गया लैंडिंग

180 यात्रियों के साथ विमान सुरक्षित उतरा, जांच में अब तक कुछ भी संदिग्ध नहीं

अहमदाबाद। कुवैत से दिल्ली आ रही इंडिगो एयरलाइंस की एक फ्लाइट में शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब विमान में बम होने की लिखित धमकी मिली। सुरक्षा कारणों को देखते हुए फ्लाइट को तत्काल अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर डायवर्ट कर दिया गया। राहत की बात यह रही कि विमान में सवार सभी 180 यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं।
जानकारी के अनुसार, उड़ान के दौरान एक यात्री को कागज के एक टुकड़े पर हाथ से लिखा हुआ नोट मिला, जिसमें विमान के अंदर बम होने का दावा किया गया था। इसकी सूचना मिलते ही पायलट ने एहतियातन अहमदाबाद एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क किया और विमान को डायवर्ट करने का निर्णय लिया गया।
सुबह 6.40 बजे सुरक्षित लैंडिंग
एयरपोर्ट अधिकारियों ने बताया कि इंडिगो की यह फ्लाइट सुबह करीब 6.40 बजे अहमदाबाद एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतर गई। लैंडिंग के तुरंत बाद विमान को आइसोलेटेड बे में ले जाया गया, जहां सुरक्षा एजेंसियों और एयरपोर्ट स्टाफ ने पूरी सावधानी के साथ जांच शुरू की।
सुरक्षा एजेंसियों ने की सघन तलाशी
बम निरोधक दस्ता, सीआईएसएफ और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने विमान की गहन तलाशी ली। एयरपोर्ट अधिकारियों के मुताबिक, अब तक की जांच में कोई भी संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है। यात्रियों को सुरक्षित विमान से उतार लिया गया और आगे की प्रक्रिया सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत पूरी की गई।
फिलहाल, धमकी भरे नोट की जांच की जा रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि यह धमकी किसने और किस मकसद से दी। सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले को गंभीरता से लेकर जांच में जुटी हुई हैं।