राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह एक बार फिर छत्तीसगढ़ दौरे पर आ रहे हैं। दोनों नेता बस्तर के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महोत्सव ‘बस्तर पंडुम 2026’ के भव्य आयोजन में शामिल होंगे। यह महोत्सव 7 से 9 फरवरी तक आयोजित किया जाएगा।
जानकारी के मुताबिक, 7 फरवरी को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू बस्तर पंडुम 2026 का औपचारिक उद्घाटन करेंगी, जबकि 9 फरवरी को समापन समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
8 फरवरी को नक्सलवाद पर उच्चस्तरीय बैठक
अपने दौरे के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 8 फरवरी को बस्तर में नक्सलवाद को लेकर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक लेंगे। बैठक में नक्सलवाद के समूल उन्मूलन के लिए रणनीति पर चर्चा की जाएगी। साथ ही डीजी कॉन्फ्रेंस में तय किए गए रोडमैप की प्रगति की समीक्षा भी की जाएगी।
12 विधाओं के कलाकारों की होगी सहभागिता
बस्तर पंडुम 2026 के तहत 12 अलग-अलग सांस्कृतिक और पारंपरिक विधाओं के विजेता दल और कलाकार इस आयोजन में अपनी प्रस्तुति देंगे। यह महोत्सव जनपद, जिला और संभाग स्तर—तीन चरणों में आयोजित किया जा रहा है, जिससे बस्तर की समृद्ध जनजातीय संस्कृति को व्यापक मंच मिल रहा है।
संस्कृति और सुरक्षा दोनों पर फोकस
बस्तर पंडुम के जरिए जहां एक ओर आदिवासी संस्कृति, परंपराओं और लोककलाओं को राष्ट्रीय पहचान मिल रही है, वहीं दूसरी ओर गृह मंत्री की बैठक से क्षेत्र में सुरक्षा और विकास को लेकर ठोस संदेश भी दिया जा रहा है।
