भीषण सड़क हादसा: बेलगाम ट्रक ने ऑटो को रौंदा, 6 लोगों की मौके पर मौत…. मेले से आ रहे थे वापस

रविवार की अहले सुबह बिहार के बिहटा–आरा मुख्य मार्ग पर एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। मनेर के उर्स मेला देखकर टेम्पू (ऑटो) से घर लौट रहे लोगों को एक अनियंत्रित और बेलगाम ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। यह दर्दनाक घटना परेव, लेखन टोला के समीप बताई जा रही है।
हादसा इतना भयावह था कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए। ऑटो में सवार करीब आधा दर्जन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और कुछ देर के लिए सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही बिहटा थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, वहीं गंभीर रूप से घायल लोगों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जब्त कर लिया है और चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की गहन छानबीन की जा रही है। इस दर्दनाक हादसे से पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई है।