केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह करेंगे ‘भारत टैक्सी’ का शुभारंभ, सहकारिता आधारित राइड-हेलिंग प्लेटफॉर्म को मिलेगी नई पहचान

नई दिल्ली। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह गुरुवार को ‘भारत टैक्सी’ का औपचारिक शुभारंभ करेंगे। यह भारत का पहला सहकारिता आधारित राइड-हेलिंग प्लेटफॉर्म है। इसकी जानकारी मंत्रालय की ओर से जारी एक आधिकारिक बयान में दी गई है।

बयान के अनुसार, भारत टैक्सी को आगामी दो वर्षों में देश के सभी राज्यों और प्रमुख शहरों तक विस्तार देने का लक्ष्य रखा गया है। यह प्लेटफॉर्म मल्टी-स्टेट कोऑपरेटिव सोसाइटीज एक्ट, 2002 के तहत पंजीकृत है और इसकी स्थापना 6 जून 2025 को की गई थी।

भारत टैक्सी की सबसे बड़ी विशेषता इसका जीरो कमीशन और सर्ज-फ्री प्राइसिंग मॉडल है। इस मॉडल के तहत ड्राइवरों को उनकी कमाई का पूरा लाभ सीधे मिलता है, जिससे बिचौलियों की भूमिका समाप्त हो जाती है। मंत्रालय का कहना है कि यह प्लेटफॉर्म विदेशी निवेश आधारित राइड-हेलिंग कंपनियों के लिए एक स्वदेशी और आत्मनिर्भर विकल्प के रूप में उभरा है।

आठ प्रमुख सहकारी संगठनों के सहयोग से संचालित इस प्लेटफॉर्म ने 2 दिसंबर को दिल्ली-एनसीआर और गुजरात में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में अपनी सेवाएं शुरू की थीं। इसके जरिए अब ओला, उबर और रैपिडो जैसे स्थापित राइड-हेलिंग प्लेटफॉर्म्स को सीधी चुनौती मिलने की उम्मीद है।

मंत्रालय का दावा है कि भारत टैक्सी दुनिया का पहला और सबसे बड़ा सहकारी-आधारित राइड-हेलिंग प्लेटफॉर्म है। यह दुनिया का सबसे बड़ा ड्राइवर-स्वामित्व वाला मोबिलिटी प्लेटफॉर्म भी बताया जा रहा है। लॉन्चिंग के बाद से अब तक तीन लाख से अधिक ड्राइवर इससे जुड़ चुके हैं, जबकि एक लाख से ज्यादा उपयोगकर्ताओं ने पंजीकरण कराया है।

वर्तमान में दिल्ली-एनसीआर और गुजरात में प्रतिदिन 10 हजार से अधिक राइड्स पूरी की जा रही हैं। साथ ही अब तक लगभग 10 करोड़ रुपये की राशि सीधे ड्राइवरों में वितरित की जा चुकी है।