ISIS से जुड़े गुट का हमला, नाइजीरिया के क्वारा में 200 से अधिक मौतें

पश्चिमी नाइजीरिया के क्वारा राज्य में मंगलवार शाम हुए एक भीषण उग्रवादी हमले में कम से कम 200 लोगों की मौत हो गई। यह हमला क्वारा के वोरो और नुकु गांवों में किया गया, जिसे हाल के महीनों में देश का सबसे घातक आतंकी हमला माना जा रहा है।

स्थानीय सांसद मोहम्मद उमर बायो के अनुसार, इस नरसंहार को ‘लकुरावा’ नामक सशस्त्र समूह ने अंजाम दिया है, जिसके कुख्यात आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट (ISIS) से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है। हमले में बड़ी संख्या में महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग भी मारे गए हैं।

रेड क्रॉस ने बताया कि प्रभावित गांव अत्यंत दुर्गम क्षेत्र में स्थित हैं और राज्य की राजधानी से लगभग आठ घंटे की दूरी पर हैं। इसके अलावा, बेनिन सीमा के नजदीक होने और खराब सड़क व संचार व्यवस्था के कारण राहत एवं बचाव कार्यों में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

क्वारा के गवर्नर अब्दुल रहमान अब्दुल रजाक ने इस हमले की कड़ी निंदा करते हुए इसे “हताशा में की गई कायरतापूर्ण कार्रवाई” करार दिया है। उन्होंने कहा कि यह हमला राज्य में उग्रवादियों के खिलाफ चल रहे सैन्य अभियानों के जवाब में किया गया प्रतीत होता है।

नाइजीरिया इस समय गंभीर सुरक्षा संकट से गुजर रहा है। देश के उत्तर-पूर्वी हिस्से में वर्षों से विद्रोह जारी है, जबकि उत्तर-पश्चिम और उत्तर-मध्य क्षेत्रों में फिरौती के लिए अपहरण और सशस्त्र डकैती की घटनाओं में तेजी से बढ़ोतरी हुई है। ताजा हमले ने एक बार फिर देश की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।