नशे में स्कूल पहुंचे हेडमास्टर सस्पेंड, फर्श पर सोते और बच्चों को पढ़ाते वीडियो वायरल

सूरजपुर-  सूरजपुर जिले में शिक्षा व्यवस्था को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। शराब के नशे में स्कूल पहुंचने वाले एक हेडमास्टर को जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) ने निलंबित कर दिया है। नशे की हालत में स्कूल में फर्श पर लेटकर सोते और बच्चों को पढ़ाने की कोशिश करते हेडमास्टर का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद यह कार्रवाई की गई।

मामला रामानुजनगर विकासखंड के भुनेश्वरपुर स्थित नर्मदापारा प्राथमिक स्कूल का है। जानकारी के अनुसार, 2 फरवरी को स्कूल के हेडमास्टर निरंजन कुशवाहा शराब के नशे में विद्यालय पहुंचे थे। स्कूल पहुंचने के बाद वे अपने कक्ष में जमीन पर लेटकर आराम से सोते नजर आए।

घटना की जानकारी मिलने पर ग्रामीण स्कूल पहुंचे और पूरे मामले का वीडियो बना लिया। वीडियो सामने आने के बाद हेडमास्टर ने सफाई देते हुए कहा कि वे पेट में गैस की समस्या के कारण लेटे थे। हालांकि, ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि वे नशे की हालत में बच्चों को पढ़ाने की कोशिश भी कर रहे थे।

ग्रामीणों की सूचना पर रामानुजनगर के बीईओ डीएस लकड़ा मौके पर पहुंचे। वहां शिक्षकों और ग्रामीणों के बयान दर्ज किए गए। बयान में शिक्षकों और ग्रामीणों ने बताया कि हेडमास्टर पहले भी कई बार शराब के नशे में स्कूल आते रहे हैं

मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला शिक्षा अधिकारी ने हेडमास्टर निरंजन कुशवाहा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इस घटना के बाद शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली और स्कूलों में अनुशासन को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं।