तापसी पन्नू फिर दिखेंगी दमदार वुमेन-सेंट्रिक रोल में, फिल्म ‘अस्सी’ का ट्रेलर रिलीज

बॉलीवुड अभिनेत्री तापसी पन्नू एक बार फिर अपने सबसे मजबूत जॉनर — वुमेन सेंट्रिक सिनेमा — के साथ बड़े परदे पर वापसी करने जा रही हैं। अपनी अगली फिल्म ‘अस्सी’ में तापसी एक बार फिर ऐसे किरदार में नजर आएंगी, जिसके लिए उन्हें जाना जाता है। फिल्म का ट्रेलर आज बुधवार, 04 फरवरी को रिलीज कर दिया गया है, जबकि यह फिल्म 20 फरवरी को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

फिल्म का निर्देशन अनुभव सिन्हा ने किया है, जो इससे पहले ‘मुल्क’ और ‘थप्पड़’ जैसी सामाजिक मुद्दों पर आधारित चर्चित फिल्में बना चुके हैं।

ट्रेलर देख बढ़ेगी बेचैनी, नहीं है कोई सुकून भरा पल

‘अस्सी’ का ट्रेलर किसी भी तरह का रूमानी या सुकून देने वाला एहसास नहीं कराता। ट्रेलर की शुरुआत से ही घबराहट और बेचैनी हावी हो जाती है। बिना ज्यादा कुछ कहे, ट्रेलर यह साफ कर देता है कि फिल्म एक रेप सर्वाइवर और इंसाफ के लिए उसकी कानूनी लड़ाई पर आधारित है।

कोर्ट रूम ड्रामा में तापसी की मौजूदगी एक बार फिर प्रभावशाली नजर आती है। उन्होंने पहले भी ऐसे कई गंभीर किरदार निभाए हैं, लेकिन इस फिल्म में उनकी एक्टिंग कहीं से भी दोहराव वाली नहीं लगती।

आखिरी सीन ने छोड़ा गहरा असर

ट्रेलर का सबसे मजबूत और झकझोर देने वाला सीन अंत में आता है, जब तापसी के चेहरे पर स्याही फेंकी जाती है। इसके बावजूद वह बिना डरे कहती हैं —
“कल फिर आऊंगी आपके पास, एक और रेप के मामले में।”
यह डायलॉग फिल्म के तेवर और उसके सामाजिक संदेश को साफ तौर पर बयां कर देता है।

समाज के अनछुए सच को दिखाएगी ‘अस्सी’

फिल्म ‘अस्सी’ समाज के उस कड़वे सच को सामने लाने की कोशिश करती है, जहां कई बार रेप के मामले कोर्ट में खारिज कर दिए जाते हैं या दर्ज ही नहीं होते। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या तापसी का किरदार अपनी क्लाइंट यानी एक रेप पीड़िता को इंसाफ दिला पाता है या नहीं।

अब दर्शकों की नजरें 20 फरवरी पर टिकी हैं, जब ‘अस्सी’ सिनेमाघरों में दस्तक देगी।