नए साल की शुरुआत के साथ ही बॉलीवुड अभिनेत्री अनन्या पांडे आध्यात्म की राह पर चलती नजर आ रही हैं। हाल ही में कार्तिक आर्यन के साथ फिल्म ‘तू मेरा मैं तेरी, मैं तेरा तू मेरी’ में दिखाई देने के बाद अनन्या अब तीर्थ यात्रा पर निकल पड़ी हैं। अभिनेत्री ने महाराष्ट्र के नासिक स्थित त्र्यंबकेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर में भगवान शिव के दर्शन किए और विधिवत पूजा-अर्चना की।
अनन्या ने इस पावन यात्रा की तस्वीरें अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर फैंस के साथ साझा की हैं। तस्वीरों के साथ उन्होंने कैप्शन लिखा —
“सबसे अच्छे सफर की शुरुआत।”
12 ज्योतिर्लिंगों में से एक है त्र्यंबकेश्वर
बता दें कि त्र्यंबकेश्वर मंदिर भगवान शिव के 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक है। महाराष्ट्र के नासिक के पास स्थित इस मंदिर का हिंदू धर्म में विशेष धार्मिक महत्व है। मान्यताओं के अनुसार यहां स्थित तीन मुखी शिवलिंग ब्रह्मा, विष्णु और महेश का स्वरूप माना जाता है। साथ ही कहा जाता है कि गोदावरी नदी का उद्गम भी इसी स्थान से हुआ है।
सिंपल लुक में दिखीं अनन्या, मां के साथ की पूजा
फिल्मी दुनिया के ग्लैमर से दूर, माथे पर तिलक लगाए अनन्या पांडे इन तस्वीरों में बेहद सादगी भरे अंदाज़ में नजर आ रही हैं। इंस्टाग्राम पर शेयर की गई तस्वीरों में वह पूरी श्रद्धा और शांति के साथ पूजा-अर्चना करती दिख रही हैं। इस दौरान उनकी मां भी उनके साथ मौजूद थीं और दोनों को साथ प्रार्थना करते देखा गया।
तस्वीरें शेयर करते हुए अनन्या ने लिखा —
“हर हर महादेव, मेरा पहला ज्योतिर्लिंग, सबसे अच्छी यात्रा की शुरुआत।”
इस कैप्शन से साफ है कि यह अनुभव उनके लिए बेहद खास रहा।
फैंस ने लुटाया प्यार
त्र्यंबकेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर में पूरे साल श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रहती है। अनन्या की इन आध्यात्मिक तस्वीरों को देखकर फैंस काफी खुश और एक्साइटेड नजर आ रहे हैं। उनका कमेंट सेक्शन “हर हर महादेव” और सपोर्ट मैसेज से भर गया है।
2026 की शुरुआत आध्यात्म से
गौरतलब है कि अनन्या पांडे ने 2026 की शुरुआत आध्यात्मिक यात्रा से की है। इससे पहले जनवरी में भी वह एक शिव मंदिर के दर्शन कर चुकी हैं। करीब एक हफ्ते पहले उन्होंने मंदिर से अपनी एक तस्वीर साझा की थी, जिसमें वह गौ सेवा करती नजर आई थीं। उस पोस्ट के कैप्शन में उन्होंने लिखा था —
“ॐ नमः पार्वती पतये हर हर महादेव।”
काम से फुर्सत के इन पलों में अनन्या का यह आध्यात्मिक रूप उनके फैंस को काफी पसंद आ रहा है।
