मथुरा। यमुना एक्सप्रेस-वे पर शनिवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में छह यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा थाना सुरीर क्षेत्र के माइल स्टोन 88 के पास सुबह करीब पौने तीन बजे हुआ।
जानकारी के अनुसार दिल्ली के नांगलोई से कानपुर के रसूलाबाद जा रही एक बस के यात्रियों ने लघुशंका के लिए बस रोकने की मांग की। चालक ने निर्धारित ग्रीन जोन में बस न रोकते हुए सड़क किनारे ही वाहन खड़ा कर दिया। बस से उतरकर कुछ यात्री सड़क किनारे लघुशंका के लिए खड़े थे, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार कंटेनर ने पहले बस में जोरदार टक्कर मारी और इसके बाद नीचे खड़े यात्रियों को रौंद दिया।
हादसा इतना भीषण था कि औरैया जिले के सरवा कटरा निवासी सोनू, बस्ती के अलेवल निवासी देवेश, कन्नौज के गणेश का पुरवा निवासी अस्लम, दिल्ली के प्रेम नगर निवासी संतोष सहित दो अन्य अज्ञात यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में दो लोगों की पहचान अभी नहीं हो सकी है।
इस दुर्घटना में औरैया जिले के बेला निवासी अमर दुबे गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
थाना सुरीर के इंस्पेक्टर अजय कुमार ने बताया कि घटना के समय मौसम साफ था और कोहरा नहीं था। हादसे के बाद कुछ समय के लिए एक्सप्रेस-वे पर यातायात बाधित रहा, लेकिन पुलिस द्वारा मौके पर पहुंचकर राहत कार्य कराए जाने के बाद आवागमन सुचारू करा दिया गया।
पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और कंटेनर चालक की तलाश की जा रही है। घटना की जांच जारी है।
