नागपुर। महिंद्रा ग्रुप ने महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र में बड़ा औद्योगिक निवेश करने की घोषणा की है। कंपनी नागपुर में अपनी अब तक की सबसे बड़ी ऑटोमोबाइल और ट्रैक्टर निर्माण इकाई स्थापित करेगी। यह परियोजना राज्य में अगले 10 वर्षों में 15,000 करोड़ रुपये के निवेश की महिंद्रा की व्यापक योजना का अहम हिस्सा है। कंपनी ने बताया कि नागपुर प्लांट में वर्ष 2028 से उत्पादन शुरू करने की योजना है।
महिंद्रा विदर्भ क्षेत्र में 1,500 एकड़ में एकीकृत विनिर्माण परिसर विकसित करेगी। इसके साथ ही, संभाजीनगर में 150 एकड़ का सप्लायर पार्क भी स्थापित किया जाएगा, जो नागपुर प्लांट के अलावा चाकन और नासिक स्थित महिंद्रा के मौजूदा संयंत्रों को भी कंपोनेंट्स की आपूर्ति करेगा।
5 लाख से ज्यादा वाहन, 1 लाख ट्रैक्टर का सालाना उत्पादन
पूरी क्षमता से संचालन शुरू होने पर नागपुर प्लांट की वार्षिक उत्पादन क्षमता 5 लाख से अधिक वाहन और 1 लाख ट्रैक्टर होगी। कंपनी के अनुसार, यह संयंत्र भारत में महिंद्रा का सबसे बड़ा एकीकृत विनिर्माण प्लांट होगा।
महिंद्रा मात्रा के हिसाब से देश की सबसे बड़ी SUV और ट्रैक्टर निर्माता कंपनी है। घरेलू बाजार में कंपनी की मजबूत पकड़ का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि अप्रैल से जनवरी FY2026 के दौरान SUV की बिक्री में 19% की सालाना वृद्धि दर्ज की गई और बिक्री 5,39,986 यूनिट तक पहुंच गई। वहीं, ट्रैक्टर सेगमेंट में 23% की वृद्धि के साथ बिक्री 4,30,374 यूनिट रही।
रणनीतिक लोकेशन से मिलेगा बड़ा फायदा
महिंद्रा ने कहा कि विदर्भ क्षेत्र को समृद्धि एक्सप्रेसवे, मजबूत रेल नेटवर्क, प्रमुख घरेलू व निर्यात बाजारों तक आसान पहुंच और तेजी से विकसित हो रहे औद्योगिक पारिस्थितिकी तंत्र जैसे रणनीतिक लाभ प्राप्त हैं। सप्लायर पार्क के जरिए स्थानीयकरण को बढ़ावा मिलेगा और लॉजिस्टिक्स दक्षता में भी सुधार होगा।
नेक्स्ट-जेनरेशन टेक्नोलॉजी से लैस होगा प्लांट
नागपुर स्थित यह ऑटोमोटिव यूनिट महिंद्रा के नेक्स्ट-जेनरेशन प्लेटफॉर्म NU_IQ को सपोर्ट करेगी। यहां ICE, इलेक्ट्रिक वाहन (EV) और भविष्य की उन्नत तकनीकों पर आधारित मल्टी-पावरट्रेन वाहनों का निर्माण किया जाएगा। संयंत्र में एडवांस्ड ऑटोमेशन और डिजिटल मैन्युफैक्चरिंग सिस्टम भी शामिल होंगे।
NU_IQ प्लेटफॉर्म पर आधारित SUV
गौरतलब है कि NU_IQ प्लेटफॉर्म और इस पर आधारित चार कॉन्सेप्ट SUV—Vision.S, Vision.T, Vision.SXT और Vision.X—को अगस्त 2025 में अनवील किया गया था। इन SUV का प्रोडक्शन 2027 से चाकन प्लांट में शुरू होगा। इनकी लंबाई 3,990 मिमी से 4,320 मिमी के बीच होगी। यह प्लेटफॉर्म FWD, AWD, RHD और LHD लेआउट को सपोर्ट करता है।
कृषि क्षेत्र को भी मिलेगा मजबूती
इस एकीकृत परिसर में ट्रैक्टर निर्माण यूनिट भी शामिल होगी, जिसका उद्देश्य महिंद्रा के कृषि उपकरण व्यवसाय को मजबूती देना और घरेलू व प्रमुख निर्यात बाजारों की बढ़ती मांग को पूरा करना है।
